डीएसपी का बैग चोरी, ट्रेन रोक कर हुई तलाशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छपरा से मुरादाबाद जा रही डिप्टी एसपी का बैग चोरी हो जाने पर अवध-असम एक्सप्रेस को स्टॉपेज न होते हुए भी संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्टेशन पर रोककर चेक किया गया। इस दौरान डिप्टी एसपी से संबंधित एसी बोगी में हर यात्री का सामान चेक किया गया।
बच्चों व पति के साथ सफर पर निकलीं डिप्टी एसपी को गोरखपुर कैंट पर ट्रेन पहुंचने के दौरान लगेज में से एक बैग गायब होने का अहसास हुआ।
बैग में जेवर, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान बताते हुए उन्होंने जहां पुलिस को फोन से इसकी सूचना दी, वहीं मुरादाबाद में रेल अफसर के तौर पर तैनात उनके पति ने अपने महकमे के स्टाफ को पूरा वाकया बताया।
देखते ही देखते दोनों महकमे चोरी की इस घटना को लेकर फौरन सक्रिय हो गए। कैंट से आगे बढ़ी ट्रेन को खलीलाबाद में 10 मिनट रोककर चेक किया गया लेकिन बैग या गहने हाथ नहीं आए। इसके बाद तय स्टॉपेज के मुताबिक ट्रेन बस्ती पहुंची तो वहां भी रेलवे पुलिस ने कोच संख्या ए-1 और उससे जुड़ी अन्य बोगियों की चेकिंग की।
मोबाइल सर्विलांस से पकड़े जाएंगे चोर
रेलवे पुलिस के मुताबिक बैग के साथ चोरी गए मोबाइल फोन पर रिंग किया तो स्विचऑफ मिला। पुलिस ने फोन को सर्विलांस पर लगाकर चोरों तक पहुंचने की कोशिश शुरू कर दी है।
गोरखपुर जीआरपी के सीओ विजय शंकर सिंह ने बताया कि अवध-एक्सप्रेस में डिप्टी एसपी का बैग चोरी होने की सूचना मिलने पर छानबीन शुरू कर दी गई है। उनकी तहरीर अभी नहीं मिली है। वह मुरादाबाद में मुकदमा दर्ज कराएंगी, जबकि विवेचना गोरखपुर जीआरपी करेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि आपराधिक घटना की जानकारी के बाद यात्री सुरक्षा के लिहाज से बिना स्टॉपेज वाले स्टेशनों पर भी ट्रेन रोकी जा सकती है। इसी लिए डिप्टी एसपी का सामान चोरी होने की सूचना पर खलीलाबाद में अवध-असम एक्सप्रेस को रुकवाकर चेक किया गया।