{"_id":"39db78b4-b9a2-11e2-811c-d4ae52bc57c2","slug":"asi-killed-in-terrorist-attack-in-pulwama","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलवामा में आतंकी हमले में एएसआई शहीद","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पुलवामा में आतंकी हमले में एएसआई शहीद
श्रीनगर/ब्यूरो
Updated Sat, 11 May 2013 12:18 AM IST
विज्ञापन
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में अज्ञात आतंकिवादियों ने शुक्रवार को दिनदहाडे़ गोलीबारी कर एएसआई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आतंकी घटना स्थल से फरार हो गए।
विज्ञापन
वारदात के बाद तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन देर रात तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा। देर शाम एक स्थानीय न्यूज चैनल को फोन कर आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी ली। श्रीनगर में सचिवालय खुलने के बाद यह पहली आतंकी घटना है।
विज्ञापन
पुलवामा के एसपी अमित कुमार ने बताया कि बटमालू (श्रीनगर) निवासी एएसआई फारूक अहमद शेख शुक्रवार दोपहर राजपोरा चौक पर जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद के बाहर ड्यूटी पर तैनात थे।
विज्ञापन
नमाज खत्म होते ही शेख पर अज्ञात आतंकियों ने नजदीक से गोलियां चला दीं। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। भीड़ का लाभ उठाते हुए हमलावर आतंकी भाग निकले।
गोलियां एएसआई के सिर में लगीं और गंभीर हालत में उसे पुलवामा के जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने एएसआई को मृत लाया घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। लेकिन देर शाम तक हमले में शामिल आतंकियों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व आतंकी 27 अप्रैल को बारामूला जिले के सोपोर इलाके में चार पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।