सपा-बसपा पर बरसे केजरी, क्या-क्या कहा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को रोड शो के दौरान सपा और बसपा पर खूब बरसे।
उन्होंने दोनों पार्टियों को एक ही सिक्के के दो पहलू बताए और कहा कि केंद्र में जिसकी सरकार बनेगी, दोनों उसी की गोद में जा बैठेंगी। केजरीवाल सुबह दस बजे पिलखुवा स्थित बस स्टैंड पर पहुंचे।
इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की रैलियों के पीछे मुकेश अंबानी का पैसा है। मुकेश अंबानी रैलियों के लिए रुपया दे सकते हैं किंतु जनता के वोट नहीं दिला सकते।
उन्होंने कहा कि दोनों दलों के रहते देश से भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हो सकता। यदि देश से भ्रष्टाचार मिटना है तो ‘आप’ को जितना होगा। बता दें कि केजरीवाल के सुबह साढ़े सात बजे पिलखुवा आने की सूचना थी लेकिन वह कारों के बडे़ काफिले के साथ दस बजे पहुंचे।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सभा स्थल मौजूद थे। करीब दस मिनट के भाषण के दौरान मंच पर केजरीवाल के साथ मनीष सिसौदिया व संजय सिंह भी मौजूद थे।
अंबानी और भ्रष्टाचार पर फिर निशाना
अरविंद केजरीवाल शनिवार को रोड शो के दौरान हापुड़ के तहसील चौपला पर देश में फैले भ्रष्टाचार पर जमकर बरसे। समर्थकों की भारी भीड़ को खुली जीप से ही संबोधित करते हुए केजरीवाल ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि इस देश का भला तभी हो सकता है, जब भ्रष्टाचारियों को जेल में डाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की केंद्र सरकार ने मुकेश अंबानी से एक साजिश के तहत एग्रीमेंट किया है, जिसके तहत एक अप्रैल से घरेलू गैस रिकार्ड महंगी हो जाएगी।
इस महंगाई को रोकने के लिए उन्होंने दिल्ली का मुख्यमंत्री रहते हुए एफआईआर कराई, जिससे तमाम कांग्रेसी बौखला गए और कार्यवाही नहीं करने दी।
'राहुल गांधी का कंट्रोल भी अंबानी के हाथ में'
केजरीवाल ने कहा कि अब प्रधानमंत्री का ख्वाब देख रहे नरेंद्र मोदी भी अंबानी के हेलीकाप्टर में घूम रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि यही कारण है कि मोदी भी अंबानी के बारे में मुंह नहीं खोल रहे जबकि वह उनसे इस बारे में पत्र लिखकर जवाब भी मांग चुके हैं। उन्होंने कहा कि असलियत यह है कि देश को राजनैतिक लोग नहीं बल्कि अंबानी चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कंट्रोल भी अंबानी के हाथ में है। केजरीवाल ने कहा कि अंबानी और राजनैतिक दलों के गठजोड़ से देश में हो रहे भ्रष्टाचार के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए देशभर का दौरा करेंगे।
वहीं, केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राजस्थान में कांग्रेस के शासन में अनेक भूमि घोटाले हुए हैं। वहां अब भाजपा की सरकार है लेकिन वहां की मुख्यमंत्री भी अब चुप्पी साधे हैं। जनता ही अपने कीमती वोट का सही इस्तेमाल कर इन भ्रष्टाचारियों से देश को मुक्ति दिला सकती है।
केजरीवाल पर कार्रवाई की तैयारी
धारा 144 लागू होने और बिना जिला प्रशासन की अनुमति के रोड शो के दौरान जनसभा को संबोधित करने के मामले में जिला प्रशासन केजरीवाल पर कार्रवाई की तैयारी में है।
जिलाधिकारी आरके सिंह ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। उनका कहना है कि धारा 144 लागू होने के बाद बिना जिला प्रशासन की अनुमति के कोई जनसभा करना गंभीर मामला है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह ने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वह सीओ को बुलाकर जानकारी करेंगे कि क्या कार्रवाई संभव है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों सपाइयों की साइकिल रैली शहर से होकर निकली और कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं को प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया था। मगर जिला प्रशासन ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की।