फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   arvind kejriwal and aam aadmi party

केजरीवाल को अपना 'आपा' खोने की छूट..?

Sun, 29 Mar 2015 12:20 PM IST
Updated Sun, 29 Mar 2015 12:20 PM IST
विज्ञापन
arvind kejriwal and aam aadmi party

अरविंद केजरीवाल अगर 'तानाशाहों' की तरह से काम करते हुए 'आम आदमी पार्टी' को चलाना चाहते हैं...और अपने विरोधियों के साथ उसी तरह का व्यवहार करना चाहते हैं जैसा कि शनिवार को नई दिल्ली में पार्टी के कतिपय प्रमुख संस्थापक सदस्यों के साथ किया गया तो उन्हें ऐसा करने की छूट मिलनी चाहिए।

विज्ञापन


अरविंद केजरीवाल को अपने काम करने का तरीक़ा प्रजातांत्रिक रखना चाहिए या नहीं इसका फ़ैसला अब दिल्ली की जनता पर छोड़ देना चाहिए। प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव, आनंद कुमार और अजीत झा को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया और दिल्ली की जनता ने इसका कोई विरोध नहीं किया, सड़कों पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं हुई। मान लिया जाना चाहिए कि अरविंद जो कुछ भी कर रहे हैं उसे दिल्ली के मतदाताओं का समर्थन प्राप्त है।
विज्ञापन

आंतरिक प्रजातंत्र कहीं नहीं

arvind kejriwal and aam aadmi party

सिद्ध हो रहा है कि जनता की नब्ज़ पर अरविंद की पकड़ प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव के मुक़ाबले ज़्यादा मज़बूत है। अरविंद जो कुछ भी कर रहे हैं उसे उनकी तत्कालिक मजबूरी भी माना जा सकता है। उन्हें पार्टी भी चलानी है और जनता से किए गए वायदों को पूरा करके भी दिखाना है। और फिर आंतरिक प्रजातंत्र और पारदर्शिता आज किसी और पार्टी में भी तो नहीं है। ताज़ा घटनाक्रम के बाद केजरीवाल के क़रीबी नेता अब और भी क़रीबी हो गए हैं।

आज की तिकड़मा राजनीति में बने रहने के लिए अरविंद केजरीवाल अगर दूसरी पार्टियों की तरह के ही हथकंडे अपनाना चाहते हैं तो समझ लिया जाना चाहिए कि उनके निशाने पर प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव नहीं बल्कि वो ताक़तें हैं जो आम आदमी पार्टी को सत्ता से हिलाना चाह रही हैं।

केजरीवाल की 'दाद' दी जा सकती है कि वो सोनिया गाँधी, नरेंद्र मोदी, मुलायम सिंह, मायावती, नीतीश कुमार, ममता बनर्जी आदि की तरह ही ताक़तवर बनकर उभरना चाह रहे हैं।

प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव आदि के ख़िलाफ़ हुई कार्रवाई को लेकर अरविंद केजरीवाल के प्रति मीडिया के एकतरफ़ा आक्रमण के पीछे छुपे संदर्भों को भी पढ़ा और समझा जा सकता है।

अहंकारी बहुमत

arvind kejriwal and aam aadmi party

योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निकाल दिया गया। जो कुछ भी चल रहा है वह भारतीय राजनीति के वर्तमान चरित्र के अनुकूल ही है। थोड़े वक़्त के बाद सबकुछ ठंडा पड़ जाएगा।

आगे चलकर इस तरह के आरोप भी लगाए जा सकते हैं कि प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव विपक्षी दलों के इशारों पर आम आदमी पार्टी को कमज़ोर करने में लगे हुए हैं। कारण यह कि लड़ाई के मुद्दे को लेकर इन संस्थापक सदस्यों ने आवाज़ उठाने में थोड़ी जल्दबाज़ी कर दी। पार्टी और सरकार को थोड़ा जमने और अरविंद केजरीवाल को आगे बढ़कर ग़लतियाँ करने का वक़्त दिया जा सकता था।

जिस तरह के 'अहंकारी' बहुमत के बाद अरविंद केजरीवाल सत्ता में काबिज़ हुए हैं, उसे उन मुद्दों के दम पर निश्चित ही चुनौती नहीं दी सकती है जिनकी कि दिल्ली की 'आत्म केंद्रित' जनता में कतई रूचि नहीं है।

आम आदमी पार्टी का प्रयोग अगर किसी भी कारणों से कमज़ोर या विफल होता है तो विपक्षी दलों के एक होने की संभावनाओं पर भी पाला पड़ जाएगा। कहा जा रहा है कि केजरीवाल सत्ता और ताक़त को सिर्फ़ अपनी मुट्ठी में रखना चाहते हैं।

विज्ञापन

समझदार अन्ना

arvind kejriwal and aam aadmi party

अन्य दलों की तानाशाही व्यवस्थाओं के साथ बराबरी का मुक़ाबला करने के लिए अरविंद केजरीवाल अगर अपनी प्रतिष्ठा और आम आदमी पार्टी की भविष्य की संभावनाओं को दांव पर लगा रहे हैं।

उन्हें इस तरह की 'हाराकीरी' की स्वीकृति दी जानी चाहिए। प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव, प्रो. आनंद कुमार और अजीत झा आदि केजरीवाल के अपना 'आपा' खोकर असंयत शब्दों का इस्तेमाल करने की वजह बन सकते हैं, लेकिन केजरीवाल के विकल्प बनने के रूप में स्वीकार नहीं किए जा सकते।

इन अरविंद विरोधी नेताओं को स्वीकार कर लेना चाहिए कि आम आदमी पार्टी के संदर्भ में उनसे जितनी भूमिका की अपेक्षा थी वह अब पूरी हो चुकी है।

अन्ना हज़ारे इनसे ज़्यादा बुद्धिमान साबित हुए हैं। अरविंद केजरीवाल आगे किस दिशा में बढ़ना चाहते हैं इसका उन्हें पहले ही अनुमान और भान हो गया था और वक़्त रहते उन्होंने अपने आप को अलग भी कर लिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed