पत्नी की नाइटी पहनकर पहुंचा वोट देने
वोटिंग को लेकर किसी शख्स में कितना क्रेज होगा कि वो अपनी पत्नी की नाइटी पहनकर ही वोट देने पहुंच जाए।
कुछ ऐसा ही मामला तमिलनाडु के करूर में देखने को मिला। जहां एक वोटर वोट देने की जल्दबाजी में अपनी पत्नी की नाइटी पहनकर मतदान स्थल पर पहुंच गया।
उसकी इस हरकत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। लोग उसकी इन तस्वीरों को खासा पसंद कर रहे हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर इस तस्वीर के बारे में जो कहानी चल रही है, उसके मुताबिक नाइटी पहनने वाले वोटर की पहचान अरावाकुरीची के रुप में हुई है। जो डीएमके का कार्यकर्ता है।
जल्दबाजी में पहनी नाइटी
बताया जा रहा है कि वोटिंग के लिए पहले ये शख्स एक खास लुंगी पहनकर वोट देने पहुंचा। उसकी लुंगी में डीएमके पार्टी का चुनाव चिन्ह बना हुआ था। जिसे देखकर अधिकारियों ने उसे पोलिंग बूथ में जाने से रोक दिया।
चुनाव अधिकारियों का कहना था कि वोटिंग के दौरान कोई भी प्रचार सामग्री अंदर ले जाना आचार संहिता का उल्लंघन होता है। ऐसे में डीएमके का समर्थन करने वाला ये वोटर तुरंत अपने घर वापस लौटा।
वोटिंग की जल्दबाजी में वो अपनी पत्नी की नाइटी पहन कर ही पोलिंग बूथ पहुंच गया और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। लेकिन उसका ये अंदाज सोशल मीडिया में जरूर हिट हो गया।