अनुपम खेर ने शशि थरूर को कहा 'कांग्रेसी चमचा'
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर और कांग्रेसी नेता शशि थरूर ट्विटर पर भिड़ गए।
शनिवार को ट्वीट पर शाब्दिक जंग खेर के उस बयान के बाद शुरू हुई जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें सार्वजनिक रूप से यह कहते हुए डर लगता है कि वह हिंदू हैं।
थरूर ने खेर के हाल के टीवी इंटरव्यू का लिंक पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, ‘कम ऑन अनुपम, मैं हमेशा से यह कहता रहा हूं, मुझे हिंदू होने पर गर्व है। लेकिन संघ की तरह का हिंदू नहीं।’
खेर के ‘हिंदू होने संबंधी’ बयान के बाद शुरू हुआ विवाद
अनुपम खेर को थरूर का यह ट्वीट नागवार गुजरा और 60 वर्षीय अभिनेता ने थरूर को ‘कांग्रेसी चमचा’ कह दिया।
खेर ने ट्वीट किया, ‘कम ऑन शशि मैंने कभी नहीं सोचा था कि ट्रॉल्स की तरह तुम मेरे बयान का गलत मतलब निकालोगे और कांग्रेसी चमचे की तरह व्यवहार करोगे।’
इस पर जवाब देते हुए थरूर ने कहा, ‘जब तुम्हारे पास सारे तर्क खत्म हो जाते हैं तो तुम गाली पर उतर आते हो। मुझे कांग्रेसी सांसद होने पर गर्व है और मैं तुम्हारी तरह बदजुबानी का सहारा नहीं लूंगा।’