एक और परिवार का दावा, गीता उनकी लापता बेटी है
पाकिस्तान से पन्द्रह साल बाद हिन्दुस्तान आयी गीता पर तमाम लोग अपनी बेटी होने का दावा कर रहे हैं तो वहीं अलीगढ़ के एक परिवार ने भी पाकिस्तान से आयी गीता को अपनी बेटी होने का दावा किया है।
अलीगढ़ जिला मुख्यालय से 40 किलो मीटर दूर बरला के ग्राम ऊतरा निवासी बहाल सिंह की पुत्री डौली 12 नवम्बर सन 2000 से लापता है। काफी तलाश के बाद भी जब सफलता हासिल नहीं हुई थी तो थाने में तहरीर दी गई थी। इतना ही नहीं समाचार पत्रों के माध्यम से भी बेटी को तलाशा गया था।
बचपन में हो गई थी लापता
दावा करने वाले परिवार के मुताबकि लगभग पांच फीट की डौली का रंग सांवला था। वह मूकबधिर थी। उस समय व गुलाबी रंग का सूट पहने हुए थी। घरवाले पन्द्रह साल से उसका इंतजार कर रहे थे।
सोमवार को पाकिस्तान से आयी गीता की खबर टीवी चैनलों पर देर शाम परिवार वालों ने देखी तो उस लड़की का चेहरा बहाल सिंह को अपनी डौली जैसा ही लगा। उन्होंने दावा किया कि वह बेटी उन्हीं की है।