{"_id":"3d977e0e-27d4-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"anna-hazare-to-announce-new-core-team-on-saturday","type":"story","status":"publish","title_hn":"अन्ना को दफ्तर की तलाश, शनिवार को समिति का गठन ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
अन्ना को दफ्तर की तलाश, शनिवार को समिति का गठन
नई दिल्ली/गाजियाबाद/एजेंसी/ब्यूरो
Updated Tue, 06 Nov 2012 11:14 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अन्ना हजारे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही एक समन्वय समिति बनाने जा रहे हैं। अन्ना ने कहा है कि करीब एक दर्जन सदस्यों वाली समन्वय समिति 10 नवंबर तक गठित कर दी जाएगी। बाद में इसमें और लोगों को भी शामिल किया जाएगा।
विज्ञापन
समिति में जस्टिस संतोष हेगडे़ के अलावा पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह, समाजसेवी पीवी राजगोपाल, राजेंद्र सिंह, पूर्व आईपीएस अफसर प्रकाश सिंह, मीडिया हस्ती मिनहास मर्चेंट भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा कृषि विशेषज्ञ देवेंद्र शर्मा भी समिति के सदस्य हो सकते हैं। अन्ना सोमवार को दिल्ली पहुंचे।
विज्ञापन
कौशांबी में खुलेगा नया दफ्तर?
अरविंद केजरीवाल से अलग होने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए अन्ना का नया दफ्तर कौशांबी में खुलेगा। अन्ना और उनके सहयोगियों ने दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर भारत में आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए कौशांबी में एक ऑफिस देखा है। उम्मीद है कि अगले दो दिन में अन्ना ऑफिस को फाइनल कर यहीं से जनलोकपाल की लड़ाई लड़ेंगे।
विज्ञापन
अन्ना ने दिल्ली में आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए वॉलंटियर्स से ऑफिस देखने को कहा था। सूत्रों की मानें तो वॉलंटियर्स ने दो जगहों पर ऑफिस देखा है। एक ऑफिस आईआईटी दिल्ली के पास है वहीं, कौशांबी स्थित केए-1/एफ-1 को भी तैयार कराया जा रहा है।
चिल्ला गांव निवासी वॉलंटियर मदन ने बताया कि अगले दो दिन में ऑफिस तैयार हो जाएगा। इसके बाद अन्ना के यहां आने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि दिल्ली स्थित ऑफिस का किराया अधिक होने के कारण कौशांबी को ही फाइनल किया जा सकता है। अन्ना की सहयोगी किरण बेदी का कहना है कि वॉलंटियर्स ने कई ऑफिस देखे हैं। अभी इन्हें फाइनल नहीं किया गया है। अन्ना ही ऑफिस को फाइनल करेंगे।
केजरीवाल से दूर रामदेव के पास दिखे अन्ना
अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक पार्टी बनाने घोषणा के बाद से अन्ना बाबा रामदेव के साथ मंच साझा कर सकते हैं। इसकी उम्मीद इससे भी जगी है कि बाबा रामदेव के पतंजलि योगपीठ के सेंटर के साथ ही कौशांबी का ऑफिस बनाया जा रहा है। वहीं, नया ऑफिस केजरीवाल के ऑफिस से करीब 250-300 मीटर की दूरी पर है।
कौशांबी से ही शुरू हुई थी जनलोकपाल लड़ाई
अन्ना और केजरीवाल ने देश में जनलोकपाल के लिए पहली लड़ाई 2011 में कौशांबी से ही शुरू की थी। टीम अन्ना ने कौशांबी स्थित इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यालय से ही रणनीति बनाते हुए 5 अप्रैल से जंतर-मंतर पर पहला अनशन किया था। सरकार ने तत्कालीन टीम अन्ना के सामने झुकते हुए 9 अप्रैल को अनशन खुलवाया था। अन्ना की दूसरी लड़ाई का गवाह भी अब कौशांबी ही बनेगा।
'अन्ना जी और दफ्तर दोनों का स्वागत'
अरविंद के सहयोगी मनीष सिसौदिया का कहना है कि अगर अन्ना का ऑफिस खुलता है तो अच्छा है। अरविंद और अन्ना दोनों की लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ है और दोनों की मंजिल एक है। दोनों में कोई मतभेद भी नहीं, भले रास्ते अलग हों।