कांग्रेस नेता बोले, मानसिक संतुलन खो चुके हैं मोदी
पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें राष्ट्रीय शर्म करार दिया है। हालांकि कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए माफी मांगने की मांग की है।
आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री पर विदेश दौरों के दौरान देश को लेकर की गई टिप्पणी और विकास के मुद्दे पर उठाए गए सवालों पर निशाना साधा।
आनंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्हें ये नहीं पता कि पिछले दशकों में देश ने कितनी तरक्की की है। जब भी वो विदेश दौरों पर जाते हैं भारत की तरक्की को लेकर सवाल खड़े करते हैं।
मोदी सरकार की विदेश नीति पर उठाए सवाल
आनंद शर्मा ने ये बातें बुधवार को हैदराबाद के पार्टी मुख्यालय गांधी भवन में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश नीति आखिर क्या है? आखिर जब भी विदेश दौरों पर जाते हैं तो देश के हालात को लेकर तरह-तरह की टिप्पणी करते हैं। उनके बयानों पर गौर करें तो मानो लगता है 2014 के पहले भारत में कुछ था ही नहीं?
अपने इस सवाल के साथ ही आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रीय शर्म करार दे दिया। उन्होंने कहा कि देश के कई प्रधानमंत्री विदेश दौरों पर गए जहां उनका पीएम मोदी से भी ज्यादा अच्छे से स्वागत किया गया।
इतना ही आनंद शर्मा ने आगे कहा कि ऐसा नहीं कि सिर्फ भारतीय नेताओं का विदेश में ऐसा स्वागत हुआ बल्कि जब भी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष भारत आता है तो उसका भव्य स्वागत किया जाता है। उन्होंने भारतीय संसद को संयुक्त रूप से संबोधित भी किया है।
भाजपा ने किया पलटवार
आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं बल्कि ऐसा लगता है जैसे एक आरएसएस प्रचारक और भाजपा नेता के तौर विदेशी दौरा करते हैं।
पूर्व विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री खाड़ी देशों को ज्यादा महत्व नहीं दे रहे, जबकि भारतीय अर्थव्यवस्था की दृष्टि से इन देशों का खासा महत्वपूर्ण है।
इधर प्रधानमंत्री मोदी के बारे में आनंद शर्मा की टिप्पणी पर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेता नलिन कोहली ने कहा कि प्रधानमंत्री को लेकर ऐसी टिप्पणी बिल्कुल ठीक नहीं कहा जा सकता।