अमर सिंह बोले, मैंने बच्चन परिवार को जेल जाने से बचाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व समाजवादी नेता अमर सिंह ने कहा है कि अमिताभ बच्चन केवल फिल्मों में ही बागवान की भूमिका अदा कर सकते हैं लेकिन असल जीवन में वे बाग उजाड़ हैं। उन्होंने कहा कि मैं बहुत भावुक हूं, और ये बातें ऑन रिकार्ड कह रहा हूं।
अमर सिंह ने ये बातें अंग्रेजी अखबार टेलीग्राफ को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अमिताभ मे मेरी उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि मैंने बच्चन परिवार को हमेशा अपने परिवार की तरह माना है।
अमर सिंह ने कहा कि मैंने उनके लिए जो भी किया मुझे उस पर किसी प्रकार का कोई अफसोस नहीं हैं और जब आप कोई काम अपने परिवार के लिए करते हैं तो उसमें अफसोस होना भी नहीं चाहिए।
पूरा परिवार होता जेल में
अमर सिंह ने कहा कि बच्चन परिवार से दरार की वजह जया बच्चन की राज्यसभा सीट नहीं थी बल्कि एक बार अनिल अंबानी के घर पर अमिताभ ने मुझ पर यह आरोप लगाया कि मेरी वजह से सहारा बोर्ड से उनके परिवार की छुट्टी हुई।
उन्होंने कहा कि अगर मैंने बच्चन से कहा था कि कभी उस कार में मत बैठें, जिसके बारे में आप यह न जानें कि उसका ड्राइवर कौन है। अमर सिंह ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि अगर मैंने उन्हें चेताया न होता तो आज पूरा परिवार जेल में होता।
अमर सिंह ने कहा कि अमिताभ ने उन्हें अपने जन्मदिन पर भी नहीं बुलाया। उन्होंने कहा कि बच्चन के जन्मदिन पर स्पॉट ब्वाय तक को आमंत्रित किया गया लेकिन मुझे इस काबिल भी नहीं समझा गया।
अमिताभ मेरे बड़े भाई के समान थे
अमर सिंह ने कहा कि एक समय था कि बच्चन परिवार हम से हर चीज पर राय मशविरा करता था, लेकिन अब सब कुछ पहले जैसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि बच्चन परिवार अपने बच्चो की शादी के कार्ड पर सलाह के लिए भी उनके पास आता था।
अमर सिंह ने कहा कि मैं अपने जन्मदिन पर पार्टियां दिया करता था, लेकिन जब अमिताभ से कहता तो वे असहज महसूस करते थे इसलिए मैं उनसे कहता था कि सारा इंतजाम मैं कर दूंगा। मैं उनके बर्थ-डे पार्टी में मेहमानों की लिस्ट तक बनाता था।
अमर सिंह ने कहा कि मैंने अमिताभ को हमेशा बड़े भाई की तरह माना है, उनकी इच्छा मेरे लिए आदेश होते थे लेकिन अब सब कुछ बदल चुका है।
छोड़ रहे हैं अपना सरकारी आवास
बताते चलें कि अमर सिंह अपना 27 लोधी एस्टेट स्थित सरकारी आवास को जल्द ही छोड़ देंगे। वे इस आवास में पिछले 13 सालों से थे। अब इस आवास को केन्द्रीय मंत्री गिरीराज सिंह को स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
अमर सिंह के राज्यसभा का कार्यकाल भी पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी अपना आवास छोड़ना पड़ता है, तो मैं छोड़ रहा हूं। सरकारी सम्पत्ति कभी न कभी छोड़ना ही होता है।
उन्होंने कहा कि थोड़ा दुःख हो रहा है क्योंकि कभी सोचा नहीं था कि ये बंगला छूटेगा। अमर सिंह अब अपने छतरपुर स्थित फार्महाउस में रहेंगे। ( फोटो साभार - टेलीग्राफ)