नीता अंबानी के विमान से आया संदेश, बचाओ-बचाओ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के सबसे रईस व्यक्ति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी के विमान से आए एक संदेश ने मुंबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल में हड़कंप मचा दिया। वाकया सोमवार शाम का है।
शाम 8.32 मिनट पर मुंबई एटीसी को एक मेसेज मिला ‘मे डे’। यह संदेश तब भेजा जाता है जब विमान हादसे का शिकार होने वाला होता है। हिंदी में इसे ‘बचाओ...बचाओ’ जैसा समझ सकते हैं। हालांकि जब यह संदेश भेजा गया उस वक्त विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा था।
2007 में मुकेश अंबानी ने अपनी पत्नी नीता अंबानी को ये विमान तोहफे में दिया था।
पायलट ने कहा, 'विमान मस्कट जा रहा है'
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन इस घटना की जांच कर रहा है। अब तक प्राप्त सूचना के अनुसार, प्राइवेट एयरबस 319 से बार-बार यह संदेश भेजा गया था। पहले 8.32 पर और फिर 8.38 पर यह संदेश मिला।
पहले संदेश में कहा गया कि विमान के इंजन में आग लगी है और यह गिर रहा है। पायलट ने कहा कि विमान दिल्ली से लाहौर होते हुए मस्कट जा रहा है। जब तक एटीसी समझ पाता कि यह विमान मुकेश अंबानी का है, तब तक दूसरा संदेश आ गया। इसमें कहा गया कि इंजन में आग लगी है और हम समुद्र में गिर रहे हैं।
एक सीनियर एटीसी अधिकारी ने बताया, हमने दिल्ली और मस्कट के एटीसी से संपर्क साधा कि क्या उन्हें कोई आपातकालीन संदेश मिला है। हमने उस रास्ते पर उड़ रहे दूसरे विमानों से भी पूछा कि क्या उन्होंने ऐसा कोई विमान देखा। जब दिल्ली और मस्कट दोनों जगह से सामान्य हालात की जानकारी मिली और बाकी विमानों ने भी ना में जवाब दिया, तब एटीसी ने रेडियो फ्रीक्वेंसी के जरिए विमान को खोजने की कोशिश की।
मुकेश ने नीता को तोहफे में दिया था विमान
एटीसी के अधिकारी हैरान रह गए जब पता चला कि संदेश उन्हीं के बगल से आ रहा था, जहां निजी विमान खड़े होते हैं।
अधिकारी ने बताया, हमने जांच के लिए टीम भेजी। टीम को पता चला कि 2007 में नीता अंबानी को उनके पति मुकेश अंबानी ने जो विमान तोहफे में दिया था, हैंगर में खड़ा था लेकिन उसके अंदर कोई नहीं था।
मंगलवार को इस घटना की सूचना डीजीसीए को दी गई। एटीसी अधिकारियों के मुताबिक समय समय पर विमानों की जांच होती रहती है, लेकिन उसकी सूचना पहले से ही एटीसी को दी जाती है ताकि किसी तरह का भ्रम न हो। शुरुआती जांच से लगता है कि शायद पायलट रेडियो सिग्नल की जांच कर रहा था लेकिन वह एटीसी को बताना भूल गया।