रेल बजट: प्रभु से आस, इलाहाबाद को मिलेगा कुछ खास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेल मंत्री सुरेश प्रभु बृहस्पतिवार को रेल बजट पेश करने जा रहे हैं। इस बजट में इलाहाबाद पर तोहफों की बारिश की उम्मीद है। चर्चा है कि प्रभु इलाहाबाद मे रेल बाईपास की घोषणा कर सकते हैं।
इसके साथ कानपुर और मुगलसराय के बीच तीसरे लाइन के प्रस्ताव पर धन भी आवंटित करने के साथ इलाहाबाद के आसपास वाले इलाके में रेल फाटक पर लगने वाले जाम को देखते हुए कुछ फ्लाईओवर की भी सौगात दे सकते हैं।
संभावना यह भी है कि दिल्ली और मुंबई दुरंतो नियमित हो जाए। साथ ही कानपुर से जम्मूतवी जाने वाली ट्रेन के इलाहाबाद तक विस्तार की भी घोषणा रेल मंत्री कर सकते हैं।
ट्रेनों की बढ़ती संख्या और उनकी लेटलतीफी को रोकने के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने इलाहाबाद में करछना से मनौरी के बीच रेल बाईपास बनाने का प्रस्ताव पिछले साल रेलवे बोर्ड को भेजा है।
ट्रेनों की लेट-लतीफी में होगा सुधार
इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली तो इलाहाबाद आने वाली तमाम ट्रेनों की लेट लतीफी में काफी सुधार होगा। इसके अलावा एनसीआर प्रशासन ने इलाहाबाद-मुगलसराय, इलाहाबाद-कानपुर के बीच तीसरी लाइन बनाने, बीना-झांसी, झांसी-आगरा-मथुरा के बीच भी तीसरी लाइन और मथुरा-पलवल के बीच चौथी लाइन बनाने का प्रपोजल भी रेलवे बोर्ड को भेजा है। उम्मीद है कि इन सभी प्रोजेक्ट को रेल बजट में हरी झंडी मिल जाएगी।
रेलवे बोर्ड को इलाहाबाद में करछना, इरादतगंज, जिवनाथपुर में फ्लाईओवर बनाने का भी प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा जसरा एवं नैनी में वॉशिंग लाइन बनाने के लिए फंड मांगा गया है।
इन दोनों स्थानों पर वॉशिंग लाइन बनने के बाद इलाहाबाद जंक्शन में ट्रेनों की धुलाई का दबाव काफी हद तक कम होगा। उधर रेल बजट में लोगों को इलाहाबाद-दिल्ली, इलाहाबाद-मुंबई दुरंतो के नियमित होने की आस बंधी है। कुंभ मेले के मद्देनजर छिवकी, प्रयागघाट, सूबेदारगंज को इलाहाबाद के सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए भी प्रभु अपनी कृपा कर सकते हैं।
प्रभु से शहरियों की आस
- यात्री किराये में न की जाए किसी भी तरह की बढ़ोत्तरी
- बेहतर की जाए छिवकी स्टेशन की कनेक्टिंग
- राजरूपपुर की तरफ बने सूबेदारगंज स्टेशन का मुख्य द्वार
- प्रयाग स्टेशन पर हो सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव
- मुंबई मेल, पटना-पुणे एक्सप्रेस का इलाहाबाद जंक्शन से ही हो संचालन
- सभी ट्रेनों के एसी कोच में लगाए जाएं डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड
- ट्रेनों में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता में किया जाए सुधार
- लंबी दूरी की ट्रेनों के कम किए जाएं स्टॉपेज
- सफर कर रही अकेली महिला की सुरक्षा का हो बेहतर प्रबंध
- ट्रेनों में बेहतर साफ सफाई का विशेष रूप से रखा जाए ध्यान
- एडवांस रिजर्वेशन 120 दिन के बजाय हो सिर्फ 60 दिन का