व्यापारी की हत्या में विधायक पूजा पाल पर केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद के सिविल लाइंस में बुधवार रात प्रापर्टी के विवाद में हुए ललित वर्मा हत्याकांड में शहर पश्चिमी से बसपा विधायक पूजा पाल के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।
मृतक के पिता विनोद वर्मा की तहरीर पर दिलीप पाल, संदीप यादव, मुकेश केशरवानी, राजेश त्रिपाठी, पृथ्वीपाल यादव, शहर पश्चिमी विधायक पूजा पाल और उनके भाई राहुल पाल समेत सात नामजद के खिलाफ हत्या और साजिश रचने की रिपोर्ट दर्ज हुई।
हत्या के मामले में नामजद होने और एक समर्थक को पुलिस के उठाए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को बसपा विधायक पूजा पाल समर्थकों के साथ सिविल लाइंस थाने पर आ गईं। नामजद समर्थक के छोड़े जाने और मामले की सही विवेचना का आश्वासन मिलने के बाद विधायक वापस लौट गईं।
शाम को मृतक के परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर घर के लिए चले तो साकेत नगर स्थित उस मार्केट के सामने शव रखकर हंगामा किया, जिसके विवाद में हत्या का आरोप लगाया गया है। हंगामे की सूचना पर कई थानों की फोर्स आ गई। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन माने और शव लेकर गए।
बुधवार रात ललित वर्मा की गोली मारकर की गई थी हत्या
सिविल लाइंस में बुधवार रात जयंतीपुर के ललित वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों की फायरिंग में उसका चचेरा भाई विक्रम सिंह भी घायल है। ललित के हत्या की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते घरवाले सिविल लाइंस थाने पहुंचे।
मृतक के पिता का आरोप था कि साकेतनगर स्थित एक मार्केट के बारे में ललित का शहर पश्चिमी की विधायक पूजा पाल से विवाद चल रहा है। जिसको लेकर 13 जून 2015 को विवाद हुआ था। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद में झड़प हो चुकी है।
इस मामले में विनोद के पक्ष से पांच लोग जेल गए थे। अभी भी तीन लोग जेल में बंद हैं। आरोप है कि विधायक पूजा पाल ने ही पूरे मामले की साजिश रची है। उन्हीं के इशारे पर उनके बेटे ललित की गोली मारकर हत्या की गई है।
मृतक ललित के घरवालों ने किया हंगामा
ललित के शव का बृहस्पतिवार दोपहर पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर के लिए चले। रास्ते में उनके साथ पुलिस थी। साकेतनगर में जिस मार्केट को लेकर विवाद चल रहा है, वहां पहुंचते ही ललित के आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
नाराज लोग आरोपी विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर हंगामे के दौरान जाम लग गया। साथ चल रही फोर्स की सूचना पर थोड़ी ही देर में वहां कई थानों की फोर्स भी आ गई।
अफसरों के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर चले गए। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस महेश पांडेय ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर विधायक पूजा पाल समेत सात पर हत्या और साजिश का मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है।
तहरीर के मुताबिक पिता है हत्याकांड का चश्मदीद
मृतक ललित के पिता ने जो तहरीर पुलिस को दी है उसके मुताबिक वह घटना के समय बेटे के साथ बाइक पर थे। उन्होंने घटनास्थल सिविल लाइंस में बीएसएनएल ऑफिस के पास बताया है। ललित के पिता विनोद का कहना है कि वह और उनका बेटा ललित एक बाइक पर थे।
तभी घेरकर सफारी सवार और बाइक से आए बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। भतीजा विक्रम दूसरी बाइक पर था। वहीं हमलावरों की गोली से घायल विक्रम के मुताबिक घटना विशप जॉनसन स्कूल के बगल वाली गली में हुआ। हत्याकांड में चश्मदीद गवाह के सामने आने और विधायक पूजा पाल के नामजद होने के बाद सिविल लाइंस पुलिस इस हाई प्रोफाइल मामले में फूंक-फूंक कर कदम रखी है।
ललित की हत्या से घर में मचा कोहराम
धूमनगंज के जयंतीपुर के रहने वाले विनोद वर्मा सराफा कारोबारी हैं। उनकी प्रीतमनगर में दो दुकान और एक मीरगंज इलाके में थी। मीरगंज की दुकान पर जितेंद्र बैठता था। साकेतनगर में प्रापर्टी का विवाद शुरू होने के बाद चौक की दुकान बंद करनी पड़ी। घरवालों का आरोप है कि पुलिस ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया था।
इस मामले में अभी भी तीन लोग जेल में है। दो दिन पहले ही दो लोगों की जमानत हुई है। बुधवार रात ललित की हत्या से घर में कोहराम मचा है। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से विनोद का रो रोकर बुरा हाल है। ललित इस मामले में भागदौड़ कर रहा था। जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई।