{"_id":"a041c5e8-30ce-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"akhilesh-showed-fear-of-regional-parties-strength","type":"story","status":"publish","title_hn":"अखिलेश ने दिखाया क्षेत्रीय दलों की ताकत का डर","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
अखिलेश ने दिखाया क्षेत्रीय दलों की ताकत का डर
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Sat, 17 Nov 2012 09:21 PM IST
विज्ञापन
अगले लोकसभा चुनाव में बड़ी ताकत के रूप में उभरने का संकेत देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस और भाजपा को परोक्ष रूप से क्षेत्रीय दलों की ताकत के बढ़ने का डर दिखाया है। साथ ही उन्होंने यह भी तर्क दिया है कि राष्ट्रीय पार्टी के मुकाबले क्षेत्रीय दल विकास और जनता से जुड़ी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में ज्यादा कारगर साबित होती है।
विज्ञापन
मगर अखिलेश ने यह भी कहा कि क्षेत्रीय दलों की बढ़ती ताकत के बावजूद दोनों बड़ी राष्ट्रीय पार्टियां क्षेत्रीय नेता को प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पार्टियों की मजबूती का कारण उनकी जन उपयोगी योजनाएं, कार्यक्रम और जन विश्वास है।
विज्ञापन
राजधानी में एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने क्षेत्रीय दलों की बढ़ती ताकत का अहसास बड़े दलों को दिलाया। उन्होंने कहा कि देश के कुछ प्रदेशों में क्षेत्रीय पार्टियों की मजबूती का अहम कारण उनकी जनोपयोगी नीतियां, योजनाएं और कार्यक्रम हैं और सबसे बड़ी बात जन विश्वास है।
विज्ञापन
क्षेत्रीय दलों के दिग्गजों में से किसी नेता के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर यूपी के सीएम ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा यह कतई नहीं होने देना चाहेंगी। सपा की उत्तर प्रदेश में मजबूती के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से किए वायदों को समय पर पूरा करने के चलते ही वह सत्ता में काबिज हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश सरकार बेरोजगारों के लिए रोजगार का इंतजाम करेंगी। जब तक रोजगार का इंतजाम नहीं होता तब तक सरकार बेरोजगारी भत्ता देगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र छात्राओं को लैपटॉप और हाईस्कूल उत्तीर्ण छात्र छात्राओं को टैबलेट बांटने की योजना शुरू की गई है।
कानून व्यवस्था के सवाल पर अखिलेश ने कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और अधिकारियों को इसमें सुधार के लिए खुली छूट दी गई है। प्रदेश की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मामलों में अपराधियों को तुरंत काबू में किया गया है।
लापरवाह अधिकारियों को दंडित किया गया है। परिवारवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पारिवारिक पृष्ठभूमि से व्यक्ति की पहचान तो मिलती है लेकिन उसको आगे बढ़ने के लिए खुद मेहनत करनी पड़ती है और अपनी योग्यता साबित करनी पड़ती है।