ओवैसी ने उद्घव से कहा हैदराबाद आकर दिखाओ
महाराष्ट्र की राजनीति में एमआईएम और शिवसेना के बीच तू-तू-मैं-मैं बढ़ती ही जा रही है। एमआईएम नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने शिवसेना प्रमुख उद्घव ठाकरे को चुनौती दी है कि हिम्मत है तो वे हैदराबाद आकर दिखाएं।
मंगलवार को एक चुनावी जनसभा में औवेसी ने उद्घव ठाकरे को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'अगर आप (उद्घव) शेर हैं तो फिर बाहर क्यों नहीं निकलते? ये कैसा शेर है, जो अपने घर मुंबई और महाराष्ट्र में ही घूमता रहता है।'
ओवैसी बांद्रा पूर्व में 11 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के सिलसिले में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। ओवैसी ने कहा कि हम भारत में चारों ओर घूम रहे हैं, अगर आपमें (उद्घव में) भी हिम्मत है तो हैदराबाद आकर दिखाइए।
ओवैसी ने उद्घव ठाकरे पर साधा निशाना
ओवैसी ने अपने भाषण में कहा कि, उद्घव ठाकरे का कहना है कि नारायण राणे की जमानत जब्त हो जाएगी। मुकाबला शिवसेना और एमआईएम के बीच है। इसके बाद भी वे हमें 'हैदराबाद वाले' कहते हैं।
ओवैसी ने उद्घव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे नादान और नासमझ है। उनकी पूरी जिंदगी पिता के साये में गुजरी है। ओवैसी ने कहा कि हम हैदराबाद से नांदेड़ आए, उसके बाद औरंगाबाद और बाइकुला आए।
गौरतलब है कि बीते विधानसभा चुनावों में एमआईएम ने दो सीटों औरंगाबाद और बाइकुला पर जीत दर्ज कर महाराष्ट्र की राजनीति में मजबूती से दस्तक दी। 2012 में नांदेड़ में हुए म्यूनिसिपल चुनावों में भी उसे 81 में से 11 सीटें मिलीं।