यात्री विमान का टायर फटा, बाल-बाल बचे यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद के बमरौली एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। घटना उस समय की है जब एयर इंडिया की एक फ्लाइट दिल्ली से बमरौली एयरपोर्ट पहुंची।
इसी दौरान बमरौली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान के एक पहिए का टायर फट गया। इसके बाद विमान रनवे से फिसल गया और उसका पहिया कच्ची जमीन में धंस गया। इससे विमान के अंदर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
हादसे की आशंका होने पर यात्री परेशान हो उठे। विमान रुकने के बाद नीचे उतरे यात्रियों के चेहरे पर भी खौफ दिखा।
बमरौली हवाई अड्डे पर हादसा
दूसरी ओर हादसे का शिकार हुआ विमान वापसी की उड़ान नहीं भर सका। इसके स्थान पर एक दिन पहले से रुके विमान के जरिए रात करीब आठ बजे यात्रियों को दिल्ली भेजा गया।
घटना बुधवार शाम करीब 4.30 बजे की है। एयर इंडिया का 72 सीट वाला विमान यात्रियों को लेकर बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचा। रनवे पर लैंडिंग के बाद विमान का एक टायर फट गया।
इससे विमान असंतुलित हो गया। इसके कारण फिसलकर रनवे से कच्ची जमीन पर पहुंच गया। रनवे पर उतरने के बाद विमान की गति धीमी थी।
दूसरे विमान से दिल्ली भेजे गए यात्री
बताया गया कि हादसे के वक्त विमान में इलाहाबाद के 60 यात्री सवार थे। विमान रुकने के बाद यात्रियों को उतारा गया। घटना के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद एयर इंडिया के कर्मचारी और स्टेशन मैनेजर भागकर मौके पर पहुंचे।
आधे घंटे बाद इसी विमान को एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को लेकर दिल्ली जाना था लेकिन जमीन में फंसने और टायर खराब होने के कारण यह टेकऑफ नहीं कर सका।
एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को इसके कारण करीब साढ़े चार घंटे इंतजार करना पड़ा। शाम 7.55 बजे दूसरे विमान से यात्रियों को दिल्ली रवाना किया गया।
दूसरा विमान एक दिन पहले दिल्ली से आया था और तकनीकी खराबी के कारण इसे इलाहाबाद में ही रोकना पड़ा था।