{"_id":"aeb673ed45e5f227bfca74539035da0e","slug":"agni-1-missile-lauch-successfully-hindi-news-sy","type":"story","status":"publish","title_hn":"अग्नि-1 मिसाइल का सफल अभ्यास परीक्षण ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
अग्नि-1 मिसाइल का सफल अभ्यास परीक्षण
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
Updated Thu, 11 Sep 2014 10:00 PM IST
विज्ञापन
बालासोर (ओडिशा)। स्वेदश में ही निर्मित अग्नि-1 मिसाइल का बृहस्पतिवार को सेना ने सफल परीक्षण किया। परमाणु क्षमता वाली यह मिसाइल 700 किमी दूरी तक मार कर सकती है।
विज्ञापन
पीटीआई के मुताबिक रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के प्रवक्ता रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 11.11 बजे यहां से करीब 100 किमी दूर व्हीलर द्वीप स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) से एक मोबाइल लांचर के जरिए सतह से सतह पर मार करने वाली इस मिसाइल का परीक्षण किया गया।
विज्ञापन
गुप्ता ने परीक्षण को सफल बताते हुए कहा कि सेना के सामरिक बल कमान (एसएफसी) ने ट्रेनिंग अभ्यास के तहत इस मिसाइल का परीक्षण किया। पूरी एक्सरसाइज बेहतरीन तरीके से हुई और ट्रायल सफल रहा।
विज्ञापन
अग्नि-1 मिसाइल में विशेष निर्देशन प्रणाली लगी है, जो सुनिश्चित करती है कि लक्ष्य पर बेहद सटीक निशाना लगे। सैन्य बलों में पहले ही शामिल की जा चुकी मिसाइल रेंज, सटीक निशाने और घातकता के मामले में अपना शानदार प्रदर्शन साबित कर चुकी है।
12 टन वजनी और 15 मीटर लंबी अग्नि-1 मिसाइल अपने साथ 1,000 किलोग्राम तक की विस्फोटक सामग्री ले जा सकती है। इसका पिछला सफल अभ्यास परीक्षण 12 अप्रैल 2014 को इसी केंद्र से ही हुआ था। यह पहला परीक्षण था जिसे सूर्यास्त के बाद किया गया था।