बिहार के बाद यूपी में BSP-RLD पर राहुल की नजर
बिहार में महागठबंधन का फार्मूला सफल होने के बाद अब कांग्रेस में गठजोड़ की राजनीति का बोलबाला शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश में बिहार की तर्ज पर महागठबंधन करने को लेकर अब कांग्रेस में उच्च स्तर पर कसरत तेज हो गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर प्रभारी महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने 21 नवंबर को उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है।
बैठक में उत्तर प्रदेश के 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों के अलावा दूसरे दलों के साथ गठबंधन करने को लेकर वरिष्ठ नेताओं की राय ली जाएगी। वहीं पार्टी के ज्यादातर नेता समाजवादी पार्टी से ज्यादा बहुजन समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के साथ गठबंधन करने को लेकर इच्छुक है। यह बैठक ग्रेटर नोएडा में हो सकती है।
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि पार्टी महासचिव मिस्त्री बैठक में सभी नेताओं से इस मुद्दे पर लिखित और मौखिक राय मांग सकते हैं। उधर, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से बात की जाए तो ज्यादातर प्रदेश में गठबंधन के बल पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।
जुगत में लगी कांग्रेस
कई नेताओं का कहना है कि समाजवादी पार्टी के मुकाबले बहुजन समाजवादी पार्टी और चौधरी अजीत सिंह के साथ गठबंधन करना कांग्रेस पार्टी के लिए फायदे का सौदा रहेगा। वहीं कई नेता कह रहे है कि बहुजन समाजवादी पार्टी का भी रुख पहले के मुकाबले नरम हुआ है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता कहते है कि बसपा सुप्रीमो मायावती और उनके वरिष्ठ नेताओं को समझ आने लगा है कि बिना गठबंधन के दुबारा उनकी सरकार सत्ता में नहीं आ सकती। बिहार में 40 सीटों में से 27 सीटें हासिल कर कांग्रेस नेताओं के हौंसले बुलंद हैं। इस क्रम में पार्टी कई राज्यों में गठबंधन की दिशा में आगे बढ़ने की ओर सोच रहे हैं।
पश्चिम बंगाल, असम, पंजाब समेत कई राज्यों में पार्टी क्षेत्रीय दलों के साथ गठजोड़ कर आगे बढ़ने की सोच रही है। उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर बुलाई गई चिंतन और मंथन बैठक की तर्ज पर दूसरे राज्यों के संबंध में भी ऐसी बैठकें बुलाई जा सकती हैं।