{"_id":"feb85b5a-cc7d-11e2-80c9-d4ae52bc57c2","slug":"advani-praise-for-shivraj-modi-supporters-angry","type":"story","status":"publish","title_hn":"आखिर मोदी के समर्थकों का क्यों चढ़ा पारा?","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
आखिर मोदी के समर्थकों का क्यों चढ़ा पारा?
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Tue, 04 Jun 2013 02:00 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने ब्लॉग से आए दिन भाजपा के लिए दुविधा पैदा करने वाले वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के ताजा बयान ने प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी को लेकर पार्टी के अंदरूनी घमासान को एक बार फिर तेज कर दिया है।
विज्ञापन
आडवाणी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से ज्यादा काबिल बताकर नया विवाद भी पैदा कर दिया है। इससे पार्टी का एक खेमा खासतौर पर मोदी समर्थक नाराज हैं।
विज्ञापन
गोवा सम्मेलन पर पड़ेगा असर
पार्टी भी मोदी बनाम शिवराज में बंटी दिख रही है। यह विवाद अब इस हफ्ते के अंत में शुरू हो रहे गोवा सम्मेलन का सियासी पारा भी बढ़ा सकता है।
सियासी नुकसान रोकने के लिए पार्टी नेतृत्व को सफाई देने के लिए मैदान में उतरना पड़ा है। पार्टी महासचिव राजीव प्रताप रूडी ने सोमवार को कहा कि आडवाणी ने शिवराज के साथ ही मोदी, रमन सिंह समेत सभी मुख्यमंत्रियों की तारीफ की।
विज्ञापन
मोदी की राह में रोड़ा
यह सामान्य परंपरा है कि जिस प्रदेश में सम्मेलन होता है वहां कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए नेतृत्व की तारीफ की जाती है। उन्होंने कहा कि आडवाणी के बयान का गलत मतलब निकाला गया है।
दरअसल, शिवराज के लिए आडवाणी के मुख से निकले प्रशंसा के शब्दों को मोदी की राह में रोड़ा अटकाने वाला ‘कांटा’ माना जा रहा है।
आडवाणी इससे पहले भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के तालकटोरा सम्मेलन में भी शिवराज की जमकर तारीफ कर चुके हैं, लेकिन अब जबकि मोदी को भाजपा का पीएम पद का अघोषित उम्मीदवार माना जा रहा है, ऐसे में आडवाणी के इस बयान ने मोदी समर्थकों को नाराज कर दिया है।
'मोदी है सबसे लोकप्रिय नेता'
पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ किए जाने के महज दो दिन बाद ही पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर फिर से एक बार हुंकार भरी।
हैदराबाद में सिंह ने मोदी को देश का सबसे लोकप्रिय नेता बताया। सिंह ने कहा कि आडवाणी के बयान को गलत समझा गया।
सिंह से पूछा गया था कि क्या आडवाणी ने मोदी के मुकाबले प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी के लिए चौहान को आगे कर दिया है।
मोदी को लेकर मोर्चा जीतने का सपना पाले राजनाथ ने हालांकि यह भी कहा कि पार्टी के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार संसदीय बोर्ड तय करेगा।
गोवा में मोदी देंगे भाषण
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं की मांग पर गोवा में हो रहे भाजपा के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के सम्मेलन में भाग लेने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक 8 जून को शुरू होगी। पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन 9 जून को आयोजित किया जाएगा।
पार्टी नेता लक्ष्मीकांत पारसेकर ने कहा कि सम्मेलन में आडवाणी के भाग लेनी की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। मोदी जरूर कार्यकताओं की मांग पर अपना संबोधन देंगे।