आडवाणी-मोदी दोनों ही लड़ेंगे गुजरात से चुनाव?
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी वाराणसी के साथ ही अपने गृह प्रदेश गुजरात से भी लोकसभा की चुनावी जंग में ताल ठोकेंगे। जबकि लालकृष्ण आडवाणी फिर से गांधी नगर सीट से ही मैदान में होंगे। भाजपा बुधवार को वाराणसी के बाद मोदी की दूसरी सीट को लेकर ऐलान कर सकती है।
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति बुधवार को प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए विचार मंथन करेगी। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पार्टी के प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह को गाजियाबाद और शिबुन लिंग्दोह को मेघालय की शिलांग सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।
मोदी पूर्वी अहमदाबाद सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं
इस तरह भाजपा अब तक 303 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इधर, कार्यकर्ताओं के असंतोष के बीच भाजपा बुधवार को लोकसभा के लिए अपने प्रत्याशियों की छटी सूची जारी करेगी।
बुधवार को चुनाव समिति खासतौर पर गुजरात और राजस्थान के लिए प्रत्याशियों के नाम तय करेगी। उत्तरप्रदेश के लिए बची 25 सीटों के लिए भी प्रत्याशियों को लेकर विचार-विमर्श होगा। इससे पहले मंगलवार को गुजरात प्रदेश कांग्रेस ने मोदी को अपने गृह प्रदेश से भी चुनाव लड़ने के संकेत दिए।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विजय रूपानी ने कहा कि राज्य के लोग चाहते हैं कि मोदी अहमदाबाद अथवा सूरत से चुनाव लड़ें। माना जा रहा है कि मोदी पूर्वी अहमदाबाद सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं।