आडवाणी ने फिर किया मोदी पर हमला!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टिकट वितरण को लेकर भाजपा में मचे घमासान के बीच वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सौम्यता के बहाने नरेंद्र मोदी पर परोक्ष हमला बोला है।
अपने ताजा ब्लॉग में आडवाणी ने लिखा है कि बड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद वाजपेयी में अहंकार नाम की कोई चीज नहीं थी। माना जा रहा है कि आडवाणी ने ब्लॉग के माध्यम से अपनी उपलब्धियां गिना रहे और आक्रामक कार्यशैली के कारण चर्चा में आए मोदी पर निशाना साधा है।
बीते सोमवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत की खरी खरी सुनने के बावजूद आडवाणी का मोदी पर किए गए परोक्ष हमले से साफ है कि फिलहाल पार्टी में अंतर्विरोध की लपटें बुझने वाली नहीं हैं।
कांग्रेस और यूपीए सरकार पर भी हमला
मंगलवार को पोस्ट किए गए ब्लॉग की शुरुआत आडवाणी ने कांग्रेस और यूपीए सरकार पर हमले से की। मगर अंत में वाजपेयी की तारीफ में कसीदे गढ़ते हुए मोदी पर निशाना साधा है।
उन्होंने वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल और राजनीतिक जीवन की प्रशंसा करते हुए उन्हें आजाद भारत का सबसे बेहतर प्रधानमंत्री करार दिया है।
आडवाणी ने लिखा है कि अपने जीवन में बड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद वाजपेयी में अहंकार का अंशमात्र नहीं आया।
'भ्रष्ट शासन के लिए सोनिया-मनमोहन का आभार'
हालांकि इसी ब्लॉग में आडवाणी ने बीते दस सालों के दौरान भ्रष्ट शासन देकर भाजपा के पक्ष में देशव्यापी माहौल खड़ा करने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी का आभार जताया।
उन्होंने लिखा है कि देश यूपीए सरकार को हटाने के लिए बेसब्री से मतदान का इंतजार कर रहा है। भाजपा के बुजुर्ग नेता ने लिखा है कि यूपीए से पहले की किसी सरकार में इतने घोटाले और स्कैंडल नहीं हुए जितने की इस सरकार के रहते सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि 1952 से लेकर अब तक हुए सभी आम चुनावों में उन्होंने हिस्सा लिया है। अब तक हुए 15 लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार इतनी सुनिश्चित कभी भी नहीं लगी जितनी अब लग रही है।