अदनान सामी पर लगा झूठा हलफनामा देने का आरोप
मशहूर पाकिस्तानी गायक अदनान सामी पर एबीपी न्यूज ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन पर आरोप लगा है कि उन्होंने भारतीय नागरिकता पाने के लिए जो हलफनामा दायर किया है, उसमें झूठी जानकारी दी गई है।
इतना ही नहीं अदनान सामी पर यह भी आरोप है कि उन्होंने दर्जनों लोगों के पैसे भी नहीं चुकाए हैं। साथ ही, अदनान सामी पर मुद्रा के सबसे सख्त कानून फेमा के तहत मामला दर्ज है।
एबीपी न्यूज के अनुसार अदनान सामी ने जो हलफनामा दायर किया है, उसमें उन्होंने इनकम टैक्स के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी है, जबकि वे मोटी कमाई करते हैं।
चौंकाने वाली बात तो ये है कि इस हलफनामे की सारी बातों को सच मान लिया गया है और किसी की भी जांच नहीं की गई है। आपको बता दें कि अदनान सामी ने 16 जनवरी 2013 को भारतीय नागरिकता पाने के लिए अर्जी दाखिल की थी।
आपको बता दें कि सभी तथ्य एबीपी के हवाले से आप तक पहुंचाए जा रहे हैं। अभी अमर उजाला इस स्थिति में नहीं है कि इन तथ्यों की जांच कर सके।
दर्ज हैं ये मामले
हलफनामे के मुताबिक कॉलम नंबर 17 में दावा किया गया है कि अदनान पर सिर्फ एक आपराधिक मामला दर्ज है, जो उनकी पत्नी के साथ शादीशुदा जिंदगी के बारे में है।
एक दस्तावेज के मुताबिक सीआरपी की धारा 420, धारा 323, धारा 504, धारा 506, धारा 498A, धारा 406 और धारा 384 के तहत भी मामला दर्ज है। आपको बता दें कि ये दस्तावेज मुंबई के अंधेरी के मेट्रोलॉलिटन कोर्ट का है।
हलफनाम के कॉलम 20 में लिखा है कि अदनान ने इससे पहले न तो भारत की नागरिकता के लिए आवेदन किया है न ही उनका आवेदन खारिज किया गया है, जबकि विदेशी मुद्रा कानून के तहत दर्ज मामले के दौरान अदनान कोर्ट के सामने मान चुके हैं कि साल 2002 में उन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए अर्जी दी थी।
अदनान सामी पर यह भी आरोप है कि उन्होंने अपने पूर्व सेक्रेटरी और सिक्योरिटी एजेंसी को (14 लाख रुपए) भी पैसे नहीं दिए हैं। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि अदनान ने ड्राइवर और काम वाली की तनख्वाह भी नहीं दी है, न ही सोसायटी का मेंटिनेंस दिया है।
इनकम टैक्स को लेकर झूठ
अदनान सामी ने 2010-2011 में अदनान सामी ने इनकम टैक्स रिटर्न में 9,37,218 रुपए की कमाई दिखाई है, जबकि एबीपी का कहना है कि अदनान सामी ने इस दौरान कुल 2 शो किए हैं, जिससे उन्हें 31 लाख रुपए मिले थे।
2011-2012 में इनकम टैक्स 9,35,120 रुपए की कमाई दिखाई है, जबकि इस दौरान कुल 11 शो किए, जिनसे 1 करोड़ 84 लाख रुपए की कमाई हुई।
2012-2013 में इनकम टैक्स 69,447 रुपए की कमाई दिखाई है जबकि इस दौरान उन्होंने कुल 21 शो किए, जिनसे उन्हें 3 करोड़ 76 लाख रुपए की कमाई हुई।