राहुल के खिलाफ ताल ठोंकेंगी स्मृति ईरानी!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश की ज्यादातर सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर चुकी भाजपा को अब अमेठी और रायबरेली के लिए दमदार चेहरों की तलाश है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा अभिनेत्री से राजनेता बनीं स्मृति ईरानी को मैदान में उतार सकती है।
जबकि बाबा रामदेव काग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ पार्टी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती को उतारने की पुरजोर वकालत कर रहे हैं।
स्मृति को अमेठी से उतारकर भाजपा भी यहां चुनाव के केंद्र में आ जाएगी। क्योंकि आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास पहले ही यहां राहुल के खिलाफ मैदान में कूद पड़े हैं और इससे वहां आप की भाजपा से ज्यादा चर्चा हो रही है।
मोदी की कट्टर समर्थक हैं स्मृति
स्मृति के ताल ठोंक देने से भाजपा अमेठी में भी चुनावी जंग में दिखने लगेगी। राज्यसभा सदस्य स्मृति ईरानी भी राहुल के खिलाफ चुनाव लड़ने को लेकर इच्छुक बताई जा रही हैं। स्मृति भाजपा में नरेंद्र मोदी के कट्टर समर्थकों में गिनी जाती हैं।
इधर, उमा को भाजपा झांसी से पहले ही मैदान में उतार चुकी है, लेकिन पार्टी को सोनिया गांधी के खिलाफ उमा जैसे ही दमदार चेहरे की दरकार है। बाबा रामदेव उन्हें सोनिया के खिलाफ चुनाव लड़ाने की मांग पहले ही कर चुके हैं।
दरअसल, नरेंद्र मोदी को वाराणसी में जिस तरह से आम आदमी पार्टी से लेकर अन्य दलों ने घेरा है, भाजपा उसी तरह से सोनिया व राहुल को उनके क्षेत्रों में घेरना चाहती है, ताकि चुनाव में भाजपा प्रमुख तौर पर लड़ती दिखे। इन दोनों सीटों के लिए जल्दी ही फैसला हो जाने की संभावना है।