{"_id":"a4ba021014b57a4346f174fec9c357ba","slug":"accident-at-railway-crossing-in-up-hindi-news-dk","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP: रेल फाटक पर हादसा, पांच बच्चों की मौत","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
UP: रेल फाटक पर हादसा, पांच बच्चों की मौत
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
Updated Thu, 04 Dec 2014 04:24 PM IST
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के मऊ में हुए एक ट्रेन हादसे में पांच बच्चों की मौत हो गई जबकि 25 बच्चे जख्मी हो गए।
विज्ञापन
हादसा आज सुबह रानीपुर इलाके में खुरहट के पास हुआ। मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूल वैन और पैसेंजर ट्रेन की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए। 25 जख्मी बच्चों में 6-7 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बच्चों से भरी एक स्कूल वैन रेलवे फाटक क्रॉस कर रही थी कि उसकी आजमगढ़-वाराणसी पैसेंजर से टक्कर हो गई।
इस हादसे में प्रथम दृष्टया वैन के ड्राइवर की गलती मानी जा रही है। उसने ट्रेन के आने की अनदेखी कर वैन को रेलवे फाटक पार कराने की कोशिश की। घायल बच्चों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और रेलवे प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
हादसे पर रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने दुख जताया है। संसद परिसर में बयान देते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद पीड़ित परिवारों से मिलने मऊ जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने बच्चों को खोया है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती लेकिन फिर भी रेलवे की तरफ से सभी जरूरी मुआवजा पीड़ित परिवारों को दिया जाएगा।
विज्ञापन
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि मऊ मामले में मृतक के परिजनों को दो लाख और गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए एक-एक लाख रुपए रेलवे की तरफ से मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे। उन्होंने हादसे में पांच बच्चों की मौत की पुष्टि की है।