बढ़ी पंकजा की मुश्किलें, एसीबी ने मांगा जवाब
निविदा आमंत्रित किए बिना ठेका देने के मामले में महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे की परेशानी बढ़ सकती है। राज्य के एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने महिला और बाल विकास विभाग से स्पष्टीकरण मांगा है।
विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि उन्हें बुधवार रात एसीबी का पत्र मिला था। इसमें विभाग द्वारा की गई खरीदारी की जानकारी मांगी गई है।
विभाग पत्र के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर रहा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुख्य सचिव को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। एसीबी को यह रिपोर्ट सरकार ही देगी।
कांग्रेस की शिकायत पर हुई कार्रवाई
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने बुधवार को एसीबी से मामले की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि विभाग ने निविदाएं जारी किए बिना एक ही दिन में 206 करोड़ रुपये की दवाओं, वाटर फिल्टर, चटाई, वृद्धि मापने की मशीन, चिकिज स्नैक और शैक्षणिक सामग्री का ठेका जारी कर दिया।
यह सारा सामान आंगनबाड़ी के लिए खरीदा गया। राज्य सरकार के नियम के अनुसार तीन लाख रुपये से अधिक के ठेके के लिए इलेक्ट्रॉनिक टेंडर जारी होना चाहिए।
वहीं भाजपा नेता स्वर्गीय गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा ने सारे आरोपों से इनकार किया है। बुधवार रात को जांच की खबर पर उनका बयान आया कि मैं किसी जांच से नहीं डरतीं। मैं वापस आकर जवाब दूंगी। पंकजा इस समय विदेश दौरे पर हैं।