निकाह करना चाहता है जेल में बंद गैंगस्टर अबू सलेम
जेल में बंद गैंगस्टर अबू सलेम शादी करना चाहता है। वह 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट केस में मुकदमे का सामना कर रहा है। सलेम उस युवती से शादी को तैयार हो गया है, जिसने उससे शादी की इजाजत के लिए पिछले सप्ताह कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
सलेम ने इस मामले में सोमवार को दायर अपने जवाब में कहा, ‘मेरी विनम्र विनती है कि उस युवती के आवेदन पर विचार किया जाए। हमें विशेष विवाह अधिनियम के तहत रजिस्ट्रार के समक्ष शादी करने की इजाजत दी जानी चाहिए।
26 साल की इस युवती ने अपनी वकील फरहाना शाह के जरिए विशेष टाडा अदालत में सलेम से शादी की इजाजत देने की अर्जी लगाई थी। उसका दावा था कि एक टैबलायड में सलेम से निकाह की झूठी खबरें छपने के बाद उसकी काफी बदनामी हो चुकी है। अब वह किसी और से शादी नहीं कर सकती। लिहाजा उसे सलेम से शादी करने की इजाजत दी जाए।
'हमें रजिस्ट्रार के सामने शादी करने की मिले इजाजत'
उधर, सलेम द्वारा कोर्ट को दिए गए जवाब में कहा गया है कि वह इस युवती से शादी करना चाहता है ताकि ‘उसके सभी रिश्तेदारों, दोस्तों, शुभचिंतकों और समाज के दूसरे लोगों को उनके सवालों का जवाब मिल जाए।’
सलेम ने कहा कि वह युवती का प्रस्ताव स्वीकार कर ‘क्षतिपूर्ति’ करना चाहता है। इस गैंगस्टर ने अपने आवेदन में कहा है कि ‘मुझसे शादी होने के बाद मैं हर तरह से उसका ख्याल रखूंगा। आगे उसकी बदनामी नहीं हो सकेगी क्योंकि वह आधिकारिक तौर पर मेरी पत्नी होगी।’