महाराष्ट्र में जल संचय अभियान चलाएंगे आमिर खान
असहिष्णुता के मुद्दे पर कुछ दिन पहले बीजेपी सरकार की आंख के किरकिरी बने फिल्म अभिनेता आमिर खान महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित जिलों में जल संचय अभियान चलाएंगे। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता कर आमिर खान ने इसकी घोषणा की।
इस अभियान के तहत जिस गांव में जलसंचय का अच्छा काम होगा उस गांव को 50 लाख रुपए ईनाम देकर पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने खान की इस मुहिम की खुलेकंठ से प्रसंशा की है। बुधवार की शाम सरकारी अतिथिगृह सह्याद्री में मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ पत्रकार वार्ता में आमिर खान ने बताया कि टेलीविजन पर प्रसारित सत्यमेव जयते की टीम की सक्रियता से पानी फाउंडेशन की स्थापना हुई है। अब पानी फाउंडेशन के जरिए राज्य के सूखाग्रस्त इलाकों में जलसंचय अभियान शुरु किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत राज्य में सूखाग्रस्त जिले के तीन तहसील का चयन किया गया है। इसमें सातारा जिले का कोरेगांव तहसील, बीड जिले की अबंजोगाई और विदर्भ में अमरावती जिले की वारूड तहसील का समावेश है। इन तीन तहसीलों में जितने गांव हैं उन सभी ग्रामपंचायतों से पांच लोगों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे अपने गांव में जाकर जल संरक्षण का काम करेंगे। उसके बाद 45 दिन तक जलसंचय पर काम करना होगा। एक जून को एक्सपर्ट टीम उन सभी गांवों का मुआयना करेगी जिस गांव में जलसंचय का काम शुरु होगा। यही टीम बाद में विजेता ग्रामपंचायत की घोषणा करेगी।
ये दिग्गज भी हैं अभियान का हिस्सा
आमिर खान ने कहा कि जल संचय में सबसे अच्छा काम करने वाले गांव को 50 लाख रुपए पहले पुरस्कार के रूप में दिया जाएगा जबकि द्वितीय और तृतीय क्रमांक पर आने वाले ग्राम पंचायतों को क्रमश: 30 लाख और 20 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। इस मुहिम में देश के दिग्गज उद्योगपतियों से लेकर फिल्म जगत की शख्सियतें भी बतौर सलाहकार शामिल हैं।
आमिर खान ने बताया कि जल संरक्षण अभियान में क्रिकेटर व भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, उद्योग पति रतन टाटा, मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, दीपक पारेख, कुमार मंगलम बिड़ला, बाबा कल्याणी,अमित कल्याणी, अनु आगा, राजीव बजाज, राजकुमार हिरानी, स्वाती चक्रवर्ती सहित अनेक दिग्गज हस्तियां शामिल हैं।
सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित प्रेस वार्ता में कुमार मंगलम बिड़ला, राजकुमार हिरानी सहित कई हस्तियां मौजूद रहीं जबकि सचिन तेंदुलकर और मुकेश अंबानी ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस मुहिम से जुड़ने की घोषणा की।