महाराष्ट्र सरकार की पटकथा पढ़ रहे आमिर खान, जानिए क्यों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र को सूखा मुक्त कराने के लिए राज्य सरकार जलयुक्त शिवार अभियान चलाने की तैयारी में है। सरकार अभिनेता आमिर खान को इस अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाना चाहती है। हालांकि आमिर ने कहा है कि पटकथा पढ़ने के बाद ही वह इस बारे में कोई फैसला लेंगे।
आमिर को अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए राज्य की जल संरक्षण मंत्री पंकजा मुंडे खुद उनके घर गई थीं। दोनों के बीच करीब तीन घंटे तक बातचीत हुई।
आमिर ने सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के बारे में कई जानकारी हासिल की। पंकजा ने बताया कि फिलहाल आमिर की टीम जलयुक्त शिवार अभियान का अध्ययन कर रही है।
टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद वह इससे जुड़ने के बारे में कोई अंतिम निर्णय लेंगे। जलयुक्त शिवार अभियान के तहत जगह-जगह छोटे-छोटे बांध बनाए जा रहे हैं और नदी-नालों को गहरा किया जा रहा है, ताकि भूमिगत जल के स्तर को ऊपर उठाया जा सके।
राजस्थान सरकार भी चलाएगी अभियान
जलयुक्त शिवार अभियान की सफलता देखकर राजस्थान सरकार ने भी इसमें रुचि दिखाई है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल इन दिनों महाराष्ट्र के दौरे पर है। यह प्रतिनिधिमंडल अभियान के तहत हो रहे कार्यों का अध्ययन कर रहा है।
शुक्रवार को इस प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में पंकजा मुंडे से मुलाकात की। मुलाकात के बाद राजस्थान के जलस्रोत महामंडल के अध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) श्रीराम वेदिरे ने कहा कि महाराष्ट्र के जलयुक्त शिवार कार्यक्रम का अध्ययन करने के बाद इसे राजस्थान में भी शुरू किया जाएगा।