प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुला मोदी-ओबामा का गहरा राज
भारत दौरे पर आए बराक ओबामा और मोदी के बीच कितनी गहरी दोस्ती है ये हैदराबाद हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद साफ हो चुका है। यहां पर मोदी ने पहले बराक ओबामा को अपना गहरा दोस्त बताया, लेकिन जब ओबामा ने इस पर बोलना शुरू किया तो कई राज खुल गए।
ओबामा बोले कि हम दोनों के बीच काफी गहरी दोस्ती है। यहां तक कि उन लोगों के बीच यह भी बात होती है कि कौन कितना सोता है। ओबामा ने कहा कि मोदी उनसे भी कम सोते हैं।
दोनों में इतनी पर्सनल बातें होना इनकी गहरी दोस्ती को ही दिखाता है। ओबामा ने अपनी बात शुरू करते हुए यह भी कहा था कि मोदी और हमारे बीच क्या बात होती है, यह सबको नहीं बताया जा सकता है।
क्यों उठा दोस्ती का ये मुद्दा
भारत दौरे पर आए बराक ओबामा के साथ हैदराबाद हाउस में मीटिंग के बाद मोदी और ओबामा पत्रकारों से शाम करीब 4.50 बजे रूबरू हुए। इसमें एक पत्रकार ने मोदी से एक सवाल पूछा कि आप अकेले में मिलते हैं तो क्या बातें करते हैं?
मोदी ने इस बात का जवाब काफी मजाकिया अंदाज से शुरू किया। वे बोले कि जहां तक बातों का सवाल है, तो उन्हें पर्दे में ही रहने दें। बात आगे बढ़ाते हुए वे बोले, दो देशों के रिश्ते कागजों से निर्धारित कम होते हैं।
लीडरों के बीच खुलापन और केमिस्ट्री एक दूसरे को जानने में मदद करते हैं। इसी वजह से हम एक दूसरे से जब चाहे तब बात कर लेते हैं। मोदी बोले कि उनकी और बराक ओबामा के बीच काफी गहरी दोस्ती हो गई है।