शाह के बेटे की सगाई में हस्तियों का मेला
भाजपा के नए अध्यक्ष अमित शाह के पुत्र की सगाई समारोह में केंद्रीय मंत्री, उद्योगपति और अन्य हस्तियां शामिल हुईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रविवार को ब्राजील रवाना हो गए।
इस वजह से वह अपने खासमखास सिपहसालार के पारिवारिक समारोह में शामिल नहीं हो सके।
सगाई में पहुंचे कई दिग्गज
भाजपा अध्यक्ष के बेटे जय की सगाई रविवार को हुई। शाम को यहां एसजी हाईवे के निकट स्थित वाईएमसीए क्लब में प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।
इसमें केंद्रीय मंत्रियों प्रकाश जावड़ेकर, थावरचंद गहलोत, कलराज मिश्रा, वीके सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद थे।
इसके अलावा बीसीसीआई के अध्यक्ष एन श्रीनिवासन, अदाणी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अदाणी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता राम माधव भी उपस्थित थे।