राखी बंधवाने के बहाने भर दी छात्रा की मांग
थाना क्षेत्र के एक इंटर कालेज में उस समय छात्र-छात्राओं में अफरातफरी मच गई जब उसी विद्यालय के प्रेम में पागल हुए पुरातन छात्र ने विद्यालय में 10 वीं कक्षा में पढ़ रही एक छात्रा की मांग में सिंदूर भर दिया और छात्रा को पत्नी बनाने की धमकी देकर कालेज से फरार हो गया।
आरोपी ने छात्रा को मुंहबोली बहन बता उससे राखी बंधवाने के बहाने कालेज में प्रवेश पाया था। छात्रों, शिक्षकों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। परंतु सफलता नहीं मिल सकी। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रा के परिजनों ने प्रधानाचार्य के साथ थाने में तहरीर दे दी है।
गांव मुरलीवाला का एक छात्र पिछले साल संबंधित कालेज में 11 वीं कक्षा में पढ़ता था। फेल होने के बाद उसने कालेज छोड़ दिया। जब वह पढ़ता था तो छात्र का प्रेम प्रसंग पास के गांव की गैर बिरादरी की छात्रा से हो गया।
साथ में लाया था राखी
आरोप है कि शुक्रवार को छात्र दोपहर के समय कालेज के चौकीदार को मुंह बोली बहन से राखी बंधवाने का हवाला देकर छात्रा की कक्षा में प्रवेश कर गया। जब छात्र कक्षा में गया तो क्लास चल रही थी। इस दौरान आरोपी छात्र ने पहले तो शिक्षक को बातों में लगा लिया।
उसके बाद आरोपी ने छात्रा की मांग में सिंदूर भर दिया। भरी क्लास में ऐसा होता देख सभी छात्रों ने शोर मचा दिया। छात्रों, शिक्षकों ने उसे पकड़ने का प्रयास भी किया। लेकिन आरोपी कालेज से फरार होने में कामयाब हो गया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। कालेज के प्रधानाचार्य का कहना है कि ऐसा उनके कार्यकाल में पहली बार हुआ है। आरोपी साथ में राखी भी लाया था ताकि कोई उस पर संदेह न करे। एसओ सत्पाल सिंह ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।