टीवी देखते खेल-खेल में गई मासूम की जान
टीवी में कार्टून शो देखते-देखते एक नौ वर्षीय मासूम ने गले में रस्सी डाल ली और रस्सी को पंखे के ऊपर फेंककर खेलता रहा, तभी अनजाने में रस्सी फंदा बन गयी और दम घुटने से मासूम की मौत हो गई।
हादसा गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के गायत्री विहार कॉलोनी में हुआ। इकलौते बेटे के साथ हुए हादसे के बाद माता-पिता की हालत खराब हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के गायत्री विहार कॉलोनी में रहने वाले प्रमोद मिश्रा के नौ वर्षीय पुत्र मोहित की हादसे में मौत हो गई। मोहित बीपीएस स्कूल का कक्षा 3 का छात्र था। प्रमोद मिश्रा के बारे में बताया गया है कि वह पेशे से प्लंबर है।
घर पर नहीं थे मासूम के पिता
मंगलवार को प्रमोद मिश्रा काम के सिलसिले में घर के बाहर थे और उनकी पत्नी दीपिका सब्जी लेने गई हुई थीं। घर में मोहित और उसकी बहन थे। शाम पांच बजे मोहित कमरे में पलंग पर बैठकर अकेला टीवी देख रहा था।
टीवी देखने में मग्न मोहित ने पास ही रखी रस्सी को खेल-खेल में गले में डाल लिया। रस्सी का दूसरा सिरा उसने छत पर लगे पंखे में डाल दिया। टीवी शो देखते हुए मोहित ने रस्सी को घुमाया तो पंखा भी घूमा, और रस्सी में बल पड़ने लगे तभी अचानक मोहित पलंग से नीचे गिरा और रस्सी उसके गले में कस गई और गला घुटने से उसकी मौत हो गई।
मोहित की छोटी बहन कुछ समझ पाती उससे पहले रस्सी मोहित के लिए फांसी का फंदा बन गई। नीचे गिरे मोहित ने जब कोई हरकत नहीं की तब उसकी बहन ने पड़ोसियों को बुलाया तो वे तुरंत उसे बिरला अस्पताल में लेकर गए, जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया।