भरी गाड़ी पलटने से 7 दलित मजदूरों की मौत
दतिया-झांसी दतिया रोड पर लोडिंग गाड़ी के पलटने से ललितपुर के महिलाओं समेत सात दलित मजदूरों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन घायल हो गए। ये मजदूर भिंड के सूरजपुर गांव से धान की कटाई कर अपने घर ललितपुर जिला के झरकौन गांव लौट रहे थे।
ललितपुर जिले के झरकौन गांव के रहने वाले दो दर्जन से अधिक मजदूर एक माह पहले मालनपुर के सूरजपुर गांव में मुन्नालाल ठाकुर के यहां धान काटने के लिए गए थे। रविवार को सभी मजदूर एक ट्रैक्टर में सवार होकर ग्वालियर चंद्रवदनी नाका पहुंचे।
यहां मजदूरों ने घर पहुंचने के लिए चार हजार रुपये में लोडिंग वाहन क्रमांक (यूपी 93 एटी 7815) किराए पर लिया। सभी लोग वाहन में सवार होकर घर लौट रहे थे। चालक वाहन को काफी तेज गति से चला रहा था।
मजदूरों ने उसे धीमी गति से गाड़ी चलाने को कहा, लेकिन उसने अनसुनी कर दी। दोपहर करीब दो बजे दतिया के आगे यादव ढाबे के पास चालक लोडिंग गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे तेज गति से जा रहा वाहन सड़क किनारे खंती में पलट गया।
धान काटकर लौट रहे थे घर
दुर्घटना में लोडिंग गाड़ी में सवार गनू (70) पुत्र गमले अहिरवार, हीरा (65) पत्नी गनू अहिरवार, शांति (45) पत्नी पप्पू अहिरवार, रमेश (40) पुत्र चेना अहिरवार, सावित्री (26) पत्नी राकेश अहिरवार, सावित्री का भाई रोशन (15) निवासी बरखेड़िया तथा शांति (40) पत्नी कल्याण अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में मोतीलाल (35) पुत्र मल्थू अहिरवार, पवन (22) पुत्र खुशीलाल अहिरवार, टिल्लू (19) पुत्र खुशीलाल अहिरवार, बलवान (20) पुत्र राजाराम लोधी, पुक्खन (40) पत्नी खुशीलाल अहिरवार, शीला (28) पत्नी घंसू अहिरवार, ऊषा (29) पत्नी नंदलाल अहिरवार, हरिराम (18) पुत्र रमेश अहिरवार, उत्तम (18) पुत्र सकूरे अहिरवार, मिलन (55) पत्नी बच्चू अहिरवार, ज्ञान (17) पत्नी परमानंद अहिरवार, पटेलन पत्नी सकूरे अहिरवार, दुर्गा पुत्र हज्जू अहिरवार, सकूरे पुत्र गनू अहिरवार एवं राकेश की डेढ़ वर्षीय पुत्री सहित अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई गई है। वाहन पलटते ही मौके से चालक भाग गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक इरशाद वली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, एसडीओपी दतिया आरसी भोज, एसडीओपी बड़ौनी एसएस परमार, टीआई कोतवाली अजय भार्गव, थाना प्रभारी सिविल लाइन जितेंद्र यादव तथा थाना प्रभारी चिरूला रोहित मिश्रा मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा। पुलिस ने सकूरे अहिरवार निवासी झरकौन की सूचना पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।