BSF की बस पर आतंकी हमला, 7 घायल
सोमवार देर रात श्रीनगर के पंपोर इलाके में आतंकियों ने बीएसएफ की एक बस पर हमला किया जिसमें सात जवानों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के मुताबिक यह हमला उस वक्त हुआ जब रात 10 बजे बीएसएफ के जवान पहलगाम से श्रीनगर के बाहरी इलाके पंताचौक स्थित अपने कैंप को वापस लौट रहे थे।
हालांकि अभी तक किसी आंतकी गुट ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन कश्मीर में मौजूद कुछ अलगाववादी चरमपंथियों पर आशंका जाहिर की जा रही है।
एके-47 के फायर से घायल हुए सैनिक
जम्मू और कश्मीर की सीमा पर हो रही आतंकी हलचलों और घुसपैठ के बीच इस आतंकी हमले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
हमले में घायल सभी सैनिकों को निकट के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी यह भी है कि सभी जवान एके-47 के फायर से ही घायल हुए हैं।
वहीं 'द हिन्दू' की रिपोर्ट के अनुसार यह हमला अलगावादी नेता शेख अब्दुल अजीज की मौत के 6वीं वर्षगांठ के मौके पर हुआ है जिसमें अलगाववादी तत्वों के शामिल होने का शक गहरा रहा है।