पाकिस्तान में बस दुर्घटना, 57 लोग जिन्दा जले
पाकिस्तान में कराची के पास एक बस और तेल टैंकर के बीच भिडंत में कम से कम 30 लोगों की मौत और कई अन्य घायल हो गए हैं।
कराची पुलिस ने बताया कि बस कराची से शिकारपुर जा रही थी। पुलिस के मुताबिक टैंकर तेज गति से गलत साइड पर चल रहा था और वह दूसरी ओर से आ रही बस से टकरा गया।
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भयानक आग लग गई। एक रिपोर्ट में कराची अस्पताल के एक सूत्र के हवाले से मृतकों की संख्या 57 बताई गई है।
छत से कूदकर बचाई जान
बस की छत पर सवार कुछ यात्री कूदकर जान बचाने में कामयाब रहे, लेकिन बस में बैठे यात्री आग की चपेट में आ गए। खबरों के मुताबिक, टैंकर का ड्राइवर दुर्घटनास्थल से तुरंत भाग गया।
बस में सवार यात्री इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी शिनाख्त मुश्किल है। पाकिस्तान में हर साल करीब 9,000 सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें औसतन 4,500 लोगों की मौत हो जाती है।