नक्सलियों ने किया माइनप्रूफ गाड़ी पर हमला, 4 जवान शहीद
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने एक बार फिर से बस्तर क्षेत्र के दंतेवाडा़ जिले में बड़ा हमला किया है। चोलनार के पास एक माइन प्रूफ गाड़ी पर हुए इस हमले में सुरक्षा बल के 4 जवान शहीद हो गए जबकि 8 अन्य जवान बुरी तरह घायल हो गए हैं। सेना के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि भी कर दी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हमलावरों ने एंटी लैंडमाइन व्हिकल को अपना निशाना बनाया। यह हमला चोलनार के पास हुआ। यह दंतेवाड़ा के जिला मुख्यालय से महज 25 किलोमीटर दूर है। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक कमाल लोचन कश्यप ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान तेज कर दिया है। वहीं इससे पहले आज सुबह तड़के ही नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले एक बीएसएफ कैंप पर बड़ा हमला किया था। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया था।
कई दिनों से हमला कर रहे हैं नक्सली
आपको बता दें कि शनिवार के दिन नक्सली हमलों के चलते एसटीएफ के सात जवान शहीद हो गए थे। नक्सलियों ने यह हमला राज्य की राजधानी रायपुर से 450 किलोमीटर दूर स्थित पोलामपल्ली के पिडमैल गांव के अशांत क्षेत्र में हुआ था।
वहीं नक्सलियों ने बीते दिन कांकेर जिले में माइनिंग का काम करने वाली 17 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था। हालांकि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ था।