{"_id":"56982df0-23e1-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"35-year-old-person-getting-old-age-pension","type":"story","status":"publish","title_hn":"उम्र 35 साल, पा रहे हैं वृद्धावस्था पेंशन","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
उम्र 35 साल, पा रहे हैं वृद्धावस्था पेंशन
बदायूं/ब्यूरो
Updated Thu, 01 Nov 2012 10:32 AM IST
विज्ञापन
समाज कल्याण विभाग ने बदायूं जिले के पापड़ हमजापुर गांव में 46 ऐसे लोगों को वृद्धावस्था पेंशन जारी कर दी, जिनकी उम्र 60 साल से कम है। सूचना अधिकार अधिनियम के तहत सूचना मांगे जाने पर जब सत्यापन किया गया तो इस गड़बड़झाले का खुलासा हुआ। अब जाकर विभाग ने इन लोगों की पेंशन पर रोक लगाई है।
विज्ञापन
वृद्धा जन सेवा समिति की ओर से मांगी गई सूचना पर वर्ष 2011 में दातागंज के पापड़ हमजापुर गांव में वृद्धावस्था पेंशन ले रहे लोगों का विभाग ने सत्यापन किया। सत्यापन अधिकारी ने वृद्धावस्था पेंशन ले रहे रामचंद्र की उम्र 45, तस्लीम की 48, मुकीसा की 45, अबरार की 55 और नेकसू की 50 वर्ष होने का प्रमाण जुटाया था।
विज्ञापन
हद तो यह रही कि 35 साल के शिवराज सिंह और धीरपाल सिंह भी वृद्धावस्था पेंशन पा रहे थे। कुल मिलाकर गांव में 46 अपात्रों को वृद्धावस्था पेंशन मिलती पाई गई। सत्यापन में गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद भी इन लोगों को पेंशन जारी की जाती रही। इधर वृद्धा जन सेवा समिति की अध्यक्ष पुष्पा देवी ने इसी 20 अक्टूबर को जिला समाज कल्याण अधिकारी से इसकी शिकायत की। अब इनकी पेंशन रोक दी गई है।
विज्ञापन
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
जिला समाज कल्याण अधिकारी कुसुम कुमरा ने बताया कि पापड़ हमजापुर गांव में अपात्रों को पेंशन जारी करने की शिकायत के बाद पेंशन रोक दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। पेंशन जिन्होंने पाई है उनसे रिकवरी कराई जाएगी।
1575 मिले थे फर्जी पेंशनधारी
पिछले साल कराए गए सत्यापन में जिला प्रशासन को 1,575 पेंशनधारी फर्जी मिले थे। इनमें अधिकांश मृतक थे। कई की उम्र वृद्धावस्था पेंशन के लायक नहीं थी। फर्जी पेंशन के इन आंकड़ों में विकलांग व विधवा पेंशन के मामले भी शामिल थे। हालांकि विभाग ने इनकी आरसी जारी कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, रिकवरी चल रही है। 27 लोगों ने अभी भी रकम जमा नहीं की है।