यूपी: दो बसों के बीच पिसीं 3 बच्चियां, भीड़ का हंगामा
मेरठ के सरधना में दौराला मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के निकट बृहस्पतिवार शाम दो बसों के बीच पिसकर तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी बस के पास से गुजर रहीं तीनों बच्चियों को सामने से आई तेज रफ्तार बस रौंदते हुए निकल गई।
दो बच्चियों को नगर के अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि, एक की मेरठ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दर्दनाक हादसे से गुस्साई भीड़ ने रजवाहे की पुलिया और पुलिस चौकी बस स्टैंड पर जाम लगा दिया और वाहनों में तोड़फोड़ की कोशिश की।
अधिकारियों ने पूर्व विधायक की मदद से लोगों को समझा-बुझाकर तीन घंटे बाद जाम खुलवाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मोहल्ला गढ़ी खटीकान में दो भाई शान मोहम्मद और जॉनी रहते हैं। शान की बेटी मुस्कान (7), इकरा (5) और जॉनी की पुत्री फरीन (6) बृहस्पतिवार शाम करीब साढे़ चार बजे बाग में खाना लेकर जा रही थीं। तीनों रजवाहे की पुलिया के निकट सड़क किनारे खड़ी बस के पास से गुजर रही थीं।
बाग में खाना लेकर जा रही थीं बच्चियां
इसी दौरान दौराला की तरफ से तेज गति से दूसरी बस आ गई। बच्चियों ने बचने का प्रयास किया, लेकिन बगल में भी बस खड़ी होने से उन्हें भागने का मौका नहीं मिला। इस बीच, सामने से आई बस तीनों को कुचलते हुए निकल गई। यह देख आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
लोगों ने बच्चों को तड़पते देखा तो परिजनों को जानकारी दी। आननफानन में परिजन आए और गंभीर रूप से घायल बच्चों को नगर के ईश्वर नर्सिंग होम ले गए। वहां डॉक्टरों ने इकरा और फरीन को मृत घोषित कर दिया। जबकि, मुस्कान को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया।
भीड़ ने लगाया जाम, तोड़फोड़ भी की
हादसे से गुस्साई भीड़ इकरा और फरीन के शव लेकर घटनास्थल पहुंची और जाम लगा दिया। इंस्पेक्टर मेहर सिंह ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। इसके बाद भीड़ बस स्टैंड पुलिस चौकी पहुंची और शवों को चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया।
गुस्साई भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ का भी प्रयास किया गया। सूचना पर एसडीएम शिवकुमार और सीओ ब्रजेश सिंह, सरूरपुर, दौराला, जानी और रोहटा थाने की फोर्स लेकर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को शांत कर जाम खुलवा दिया।
...और मुस्कान भी खो गई
कुछ ही देर बाद मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती मुस्कान की मौत की खबर आई। भीड़ ने फिर से चौकी पर जाम लगा दिया। यहां एसडीएम और सीओ ने पूर्व विधायक अब्दुल वहीद कुरैशी की मदद से भीड़ को समझाया।
उन्होंने पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाने, बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद भीड़ ने करीब साढे़ सात बजे जाम खोला। वहीं, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शान मोहम्मद ने अज्ञात चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।