उड़ीसा में माओवादी हमला, BSF के 3 जवान शहीद
उड़ीसा के चित्रकोंडा इलाके में माओवादियों ने बीएसएफ के एक टुकड़ी को निशाना बनाकर हमला किया जिसमें तीन जवानों शहीद हो गए। इस हमले में छह अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
खबरों के मुताबिक बुधवार को किए गए इस हमले में माओवादियों ने चित्रकोंडा में स्थित सुकमा-मलकानगिरी सीमा पर बीएसएफ के जवानों को निशाना बनाकर हमला किया। इस हमले के बाद बीएसएफ के डीजी डीके पाठक हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं।
गौरतलब है कि माओवादी अक्सर सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर हमला करते रहते हैं और अबतक कई जवानों को अपने जान से हाथ धोना पड़ा है।
घटनास्थल पर पहुंचे डीजी
माओवादियों ने इस हमले के कुछ दिन पहले ही स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के एक जवान पर हमला किया था जिसमें उसकी मौत हो गई थी और एक अन्य जवान घायल हो गया था।
यह हमला उस वक्त किया गया था जब सुरक्षाबलों की एक टीम छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गस्त कर रही थी। माओवादियो ने जून महीने में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर एक बहुत बड़ा हमला किया था जिसमें 18 जवानों की मौत हो गई थी और 11 गंभीर रुप से घायल हुए थे।
हालांकि, इसके बाद सेना ने एक बड़ी कार्रवाई के बाद कई माओवादियों को मार गिराया था। मणिपुर में सेना के ट्रक को निशाना बनाकर यह हमला किया गया था जिसके बाद सेना ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया था।