2500 नरेंद्र और 3600 अरविंद आज करेंगे वोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में सोमवार को वाराणसी में वोटिंग के दौरान करीब 2500 नरेंद्र और 3600 अरविंद अपने मत के अधिकार का उपयोग करेंगे। इनके अलावा ऐसे लोग भी कम नहीं हैं, जिनके नाम कांग्रेस, बसपा, सपा, माकपा के उम्मीदवारों से मेल खाते हैं।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के अलावा इस सीट से आप के अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस के अजय राय, सपा के कैलाश नाथ चौरसिया, बसपा के विजय प्रकाश जायसवाल और माकपा के हीरालाल यादव मैदान में हैं।
इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस की इंदिरा तिवारी, अन्य पार्टियों के 16 उम्मीदवार और 20 निर्दलीय उम्मीदवार भी काशी से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस ढंग से 16 लाख वोटरों वाली इस सीट पर रिकॉर्ड 42 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
वाराणसी में 6100 नरेंद्र और अरविंद
16 लाख वोटरों में से करीब 2500 ऐसे हैं, जिनका पहला नाम नरेंद्र है। उम्मीदवारों में नरेंद्र मोदी के अलावा जनशक्ति एकता पार्टी के नरेंद्र नाथ दुबे अडिग और निर्दलीय उम्मीदवार नरेंद्र बहादुर सिंह शामिल हैं।
जबकि वोटर लिस्ट में करीब 3600 लोगों के नाम अरविंद हैं। हालांकि किसी का नाम भी नरेंद्र मोदी या अरविंद केजरीवाल नहीं है। मोदी और केजरीवाल यहां के वोटर भी नहीं हैं।
अन्य प्रत्याशियों के नाम के भी सैकड़ों वोटर
कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय के नाम वाले करीब 15 वोटर हैं जबकि उनके पहले नाम ‘अजय’ वाले करीब 16 हजार वोटर हैं। कैलाश नाथ चौरसिया नाम के तीन वोटर इस सीट पर हैं जबकि उनके पहले नाम वाले 6600 से ज्यादा लोग हैं।
बसपा उम्मीदवार विजय प्रकाश जायसवाल के पहले नाम वाले काशी में 17 हजार वोटर हैं। माकपा उम्मीदवार हीरालाल यादव की बात करें, तो कम से 30 वोटर का नाम तो बिल्कुल यही है जबकि ‘हीरा’ नाम वाले 14000 वोटर वाराणसी में हैं।
इकलौती महिला उम्मीदवार इंदिरा तिवारी के नाम वाली करीब 200 वोटर हैं।