NDRF ने 20 और टीमें भेजी, 10 हजार लोगों को बचाया
प्रलय की चपेट में आए चेन्नई और आसपास के इलाकों में एनडीआरएफ ने शुक्रवार को बचाव और राहत कार्यों को और तेज कर दिया। उसने 20 और टीमें तैनात करने के साथ अब तक 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
एनडीआरएफ के महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि कुछ इलाकों में पानी घटने और बिजली की आपूर्ति बहाल होने के बाद बचाव कर्मी तेजी से जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहे हैं।
सिंह खुद ऑपरेशन की समीक्षा करने और गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए चेन्नई जाने वाले हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जवानों ने 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
20 और टीमें भेजी गईं
विभिन्न जगहों से 20 और टीमें तमिलनाडु भेजी गई हैं। शुक्रवार रात तक कुल
50 टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुट चुकी होंगी। बृहस्पतिवार रात से
बारिश रुकी हुई है इसलिए राहत और बचाव कार्यों में और तेजी आई है।
एनडीआरएफ
के प्रवक्ता ने कहा कि दोपहर एक बजे तक 10,589 लोगों को सुरक्षित स्थान पर
पहुंचाया गया था। भेजी गई 20 अतिरिक्त टीमें में से पांच ने काम शुरू कर
दिया है। इस प्रलय में अब तक 269 लोगों की मौत हुई है।