आंध्र प्रदेशः ट्रक पलटने से 16 लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के गोदावरी जिले में सोमवार को भवन निर्माण सामग्री से लदे एक ट्रक के पलट जाने से उसमें सवार 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। चालक के ऊंघने के कारण यह दुर्घटना हुई।
ट्रक में सवार लोग पाम की बुआई करने जा रहे थे। गोदावरी के जिला अधिकारी एच अरुण कुमार ने बताया कि जिले के गंडेपल्ली गांव के पास बिल्डिंग मैटेरियल से भरा
ट्रक सड़क किनारे पलट गया, जिसमें 35 मजदूर सवार थे। मजदूर बिल्डिंग मैटेरियल में दब गए और दम घुटने के कारण उनमें से 16 की मौत हो गई।
शवों को बाहर निकाल लिया गया है और आठ घायलों का इलाज राजमुंदड़ी के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
घटना के बाद चालक और उसका सहयोगी फरार हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।