असमः ट्रक में घुसी कार, एक ही परिवार के 12 की मौत
असम के गोलाघाट जिले में एक सवारी गाड़ी और लोडेड ट्रक की जोरदार भिड़ंत में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर हुई। दुर्घटना के दौरान सवारी गाड़ी का ड्राइवर बाहर कूद गया जिससे उसे गंभीर चोट आई। घायलों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार सुबह एक टाटा विंगर लोहे के सरिए लेकर जा रहे ट्रक से पीछे से जा टकरा गई। जिसके चलते विंगर सवार 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। विंगर में कुल 15 लोग सवार थे। हादसे में पीछे से लगी टक्कर के कारण ट्रक में लदे सरिए विंगर सवार यात्रियों के शरीर में जा घुसे। सभी यात्री बोकाखात के गनकपुखरी गांव के निवासी बताए गए हैं।
मरने वालों में ज्यादातर एक ही परिवार के
बताया गया है कि कि मारे गए लोग ऊपरी असम के धेमाजी में आयोजित एक बड़े आयोजन में भाग लेकर घर लौट रहे थे। मारे गए लोगों की पहचान दिवाकर बोरा, ननी बोरा, प्रणती बोरा, अतुल बोरा, प्रवीण बोरा, रूनू बोरा, दिगंत दत्त, रोहित बोरा, धर्मेश्वर बोरा, अतुल सैकिया, सूर्य सैकिया और ललित दास के रूप में की गई है।
इनमें से ज्यादातर मृतक एक ही परिवार के बताए गए हैं। घायलों में प्रवीण बोरा, मीरा बरुवा और विंगर चला रहा बितू बोरा शामिल हैं। बताया गया कि जिस समय हादसा हुआ ड्राइवर सो रहा था, जबकि वाहन को मालिक का लड़का बितू चला रहा था।
सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं, जहां पर उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। परिजनों को हादसे की जानकारी हुई तो वहां कोहराम मच गया।