दिन भर की 10 बड़ी खबरें सिर्फ 10 मिनट में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वरुण गांधी मौजूदा चुनावों में पीलीभीत के बजाय सुल्तानपुर से मैदान में हैं और चुनाव प्रचार करते वक्त उनके मन में अचानक राहुल को लेकर मोहब्बत जाग गई लगती है।
सभी को चौंकाते हुए वरुण गांधी ने राहुल गांधी की तारीफ की है। हैरत इसलिए होनी स्वाभाविक है कि एक ही परिवार के ये दोनों हिस्से बीते कई वक्त से राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन एक-दूसरे की तारीफ करते कभी नहीं दिखते।
एक नुक्कड़ सभा में वरुण गांधी जब मतदाताओं को रिझाने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्होंने बताया कि वो इस इलाके के लिए क्या-क्या करना चाहते हैं। और यह जानकारी देते वक्त उन्होंने राहुल का उदाहरण उठाया।
'अनपढ़' राखी सावंत की संपत्ति है कितनी
बॉलीवुड स्टार राखी सावंत के मुताबिक वो पढ़ी-लिखी नहीं हैं और उनकी कुल संपत्ति 14.69 करोड़ रुपए है। 36 वर्षीय राखी सावंत के पास 11.12 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति और 3.57 करोड़ की चल संपत्ति है।
राष्ट्रीय आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार के पास 96,427 नकदी और 39.13 लाख रुपए का फिक्स्ड डिपॉजिट है। अभिनेत्री ने बॉन्ड और शेयरों में 61.26 लाख रुपए निवेश किए हैं।
इसके अलावा उनके पास 2.12 करोड़ रुपए की इंश्योरेंस और पोस्टल सेविंग्स हैं। उनके पास फोर्ड एंडेवर कार है, जिसकी कीमत 21 लाख रुपए है। साथ ही 7.55 लाख रुपए की ज्वैलरी भी है।
नंबरों के लिए छात्राओं से खेला गंदा खेल
राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के एक प्राइवेट कॉलेज में बीएड की आंतरिक परीक्षा में अच्छे अंक देने की आड़ में छात्राओं के साथ ज्यादती करने का मामला सामने आया है।
कॉलेज प्रबंधन से जुड़े और तत्कालीन शारीरिक शिक्षक पर कम अंक देने का दबाव डालकर छात्राओं से यौन शोषण के आरोप लगे हैं।
छात्राओं ने जिला कलेक्टर को लिखित में शिकायत भेज दी। उनके निर्देश पर मंगलवार को दो महिला अधिकारियों ने जांच भी की।
चुनाव में 50 सीटों पर लड़ रहे हैं बेटे-बेटियां
परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति करने के लिए अक्सर देश की राजनीति में एक ही परिवार को निशाना बनाया जाता है। जबकि इस बार लोकसभा चुनावों में कम से कम 50 सीटें ऐसी हैं, जिस पर किसी न किसी नेता का बेटा या बेटी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इस प्रक्रिया में भाजपा भी कांग्रेस से पीछे नहीं है। अगर कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बेटे अभिजीत जैसे नेता हैं, तो भाजपा में भी संजय गांधी के बेटे वरुण गांधी के अलावा पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रमोद महाजन की बेटी को चुनाव में उतारा है।
मौजूदा सांसद अभिजीत मुखर्जी पश्चिम बंगाल की जंगीपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे राहुल गांधी अमेठी से मैदान में हैं।
सैमसंग के मालिक फंसे कोर्ट के चक्कर में
स्मार्टफोन की नामी ब्रांड सैमसंग अब नई मुसीबत में फंस गई है। सैमसंग कंपनी के मालिक को अदालत में हाजिर होना पड़ेगा।
सैमसंग के मालिक ली-कुन-ही की गिरफ्तारी का वारंट कोर्ट ने जारी किया था। जिस पर सैमसंग ने अपने मालिक की गिरफ्तारी वारंट को 6 सप्ताह के लिए रद्द कराने की मांग को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट से वारंट रुकवाने का आदेश ले लिया था।
एक याचिका की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी के मालिक पर लगे आरोप को अति गंभीर मानते हुए गिरफ्तारी वारंट खारिज करने से मना किया है और कंपनी मालिक को निर्देश दिया है कि वे लोवर कोर्ट में हाजिर हों। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के ऊपर आया है।
भारत के लिए सबसे खतरनाक सख्स केजरीवाल
अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट ने ‘अरविंद केजरीवाल-भारत के सबसे खतरनाक शख्स’ शीर्षक से लगाई खबर में कहा है कि बहुत सारे भारतीयों को भाजपा के तेजतर्रार नेता और पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी अथवा गांधी खानदान से जुड़े राहुल गांधी की तुलना में पूर्व आईआरएस अधिकारी अरविंद केजरीवाल ज्यादा रोमांचित कर रहे हैं।
बकि तीन साल पहले बहुत कम लोगों ने नेताओं की पोशाक कुरता पायजामे की जगह पैंट शर्ट पहनने वाले केजरीवाल का नाम सुना था। 49 दिनों तक दिल्ली की सरकार चलाने वाले 45 वर्षीय केजरीवाल अब सरकारी कामकाज से मुक्त होकर लोकसभा चुनाव में खुलकर कूद पड़े हैं।
हालांकि राजनीति के ज्यादातर जानकारों का कहना है कि 543 सीटों में से केजरीवाल की आम आदमी पार्टी मुश्किल से 10 सीटें ही जीत पाएगी। लेकिन केजरीवाल तो पहले भी राजनीति में बड़ा उलटफेर कर चुके हैं।
'चायवाले' मोदी के सामने सपा का 'पानवाला'
इस लोकसभा चुनाव में बनारस से बड़ी सीट कोई नहीं। भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी ने वहां से लड़ने का ऐलान किया और जंग तेज हो गई। उनके बाद आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने चुनौती देने की घोषणा की।
जब लग रहा था कि मामला इन दोनों के बीच रहेगा, तो दबंग नेता मुख्तार अंसारी ने भी बता दिया कि वो बनारस से ही मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस ने अभी उम्मीदवार तय नहीं किया है, लेकिन कहा जा रहा है कि वो मजबूत दावेदार उतारेगी।
इस बीच मुलायम सिंह यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी ने यहां से कैलाश चौरसिया को उतारा है, जो मोदी को चुनौती देने के लिए एक नायाब नुस्खे पर काम कर रहे हैं।
जब शाहरूख खान बने थे अजय देवगन की राह का रोड़ा
अजय और काजोल की जोड़ी पहली बार 1995 में प्रदर्शित फिल्म ‘हलचल’ में नजर आई थी। ऐसा माना जाता है कि इन दोनों में प्यार इसे फिल्म से पनपा। इसी साल इनकी एक और फिल्म गुंडाराज रिलीज हुई।
हालांकि तब तक इस अफेयर को शक्ल नहीं मिली थी। 1995 में ही प्रदर्शित हुई फिल्म 'दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे' में काजोल एक बड़ी स्टार बन गईं। उनका नाम इस फिल्म के हीरो शाहरुख खान के साथ भी जुड़ने लगा।
अब नहीं कटेंगे आपके बैंक अकाउंट से रुपए!
बचत खाते और इनऑपरेटिव खातों में न्यूनतम राशि न रखने पर आपको उस पर लगने वाली पेनल्टी से जल्द निजात मिल सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंकों को मंगलवार को पेश मौद्रिक नीति में यह सुझाव दिया है कि वह ग्राहकों से न्यूनतम राशि मेंटेन न करने पर किसी तरह का शुल्क या पेनॉल्टी न लें।
रिजर्व बैंक के इस निर्देश के बाद जल्द ही बैंक पेनॉल्टी हटाने की घोषणा कर सकते हैं। यदि बैंक ऐसा करते हैं, तो सबसे ज्यादा निजी क्षेत्र और विदेशी बैंकों के ग्राहकों को इसका फायदा मिलेगा। निजी क्षेत्र के बैंक बचत खाते पर न्यूनतम राशि न रखने 350 रुपये प्रति माह तक का शुल्क ग्राहकों से वसूलते हैं।
मोदी ने दिए शेर, तो हमने भी दिया लकड़बग्घा'
सपा के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि वह बार-बार शेर देने का एहसान जताते हैं।
हमने भी उन्हें लकड़बग्घा दिया है। कुछ और जानवर भी दिए हैं। वह चाहें तो इनके हिंदी नाम बता दूं। अखिलेश मंगलवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अखिलेश ने चुटकी ली कि मोदी अक्सर गुजरात के शेरों को लेकर टिप्पणी करते हैं। वह परेशान न हों, गुजरात के शेरों का इंतजाम किया जा रहा है। इटावा में 300 से ज्यादा एकड़ जगह घेरी जा रही है। जिसमें गुजरात के शेरों को रखूंगा। फिलहाल तो वह अभी चिड़ियाघर के पिंजरे में हैं।