जानिए, दिवाली पर रिलीज होने वाली फिल्मों का क्या हाल होता है
आम तौर पर दीवाली पर रिलीज होने वाली फिल्म को अपने आप बड़ा मान लिया जाता है, लेकिन टिकट खिड़की का रिकॉर्ड देखें तो यह त्यौहार बड़ी कामयाबी की गारंटी नहीं है। बीते डेढ़ दशक में कई सितारों से सजी फिल्में दीवाली पर फुस्सी बम साबित हुई हैं...
दीवाली पर बड़े सितारे की फिल्म आने से दर्शकों में क्रेज तो अपने आप ही बन जाता है लेकिन क्रेज कामयाबी में बदल जाए, जरूरी नहीं। ऐसा कोई और नहीं बल्कि टिकट खिड़की के आंकड़े कहते हैं। नई सदी का रिकॉर्ड बताता है दीवाली बॉक्स ऑफिस पर बड़े धमाके की कोई गारंटी नहीं है।
बड़े सितारों की बड़े प्रमोशन के साथ रिलीज हुई फिल्मों को दर्शकों ने अंगूठा दिखाया है। कभी यह हुआ कि दीवाली पर कोई एक फिल्म रिलीज हुई है और कभी तीन फिल्में भी एक साथ आई हैं।
अब तक दिवाली पर कौन हुआ हिट कौन रहा फ्लॉप
साल 2000 से दीवाली पर सिनेमाघरों में आने वाली फिल्मों पर नजर डालें तो मोहब्बतें (2000), वीर जारा (2004), ओम शांति ओम (2007), गोलमाल (2008), गोलमाल-3 (2010), कृष-3 (2013) और हैप्पी न्यू ईयर (2014) जैसी फिल्में हिट रही हैं।
वहीं इस मौके पर रिलीज होने वाली ऐतराज (2004), गरम मसाला (2005), डॉन (2006), फैशन (2008), रा.वन (2011), जब तक है जान (2012), सन ऑफ सरदार (2012) जैसी फिल्में औसत हिट भी रही हैं।
इसी दौर में दीवाली पर आने वाली मिशन कश्मीर (2000), जीना सिर्फ मेरे लिए (2002), पिंजर (2003), क्योंकि (2005), जान-ए-मन (2006), सांवरिया (2007), ऑल द बेस्ट (2009), ब्लू (2009), मैं और मिसेज खन्ना (2009), ऐक्शन रीप्ले (2010) बड़े सितारों के बाद भी डूब चुकी हैं।
सलमान के नाम पर लगा है दाव
जहां तक इस दीवाली की फिल्म का सवाल है तो वह सलमान खान और सूरज बड़जात्या की जोड़ी ने पहले दिन तो कमाल किया है। फिल्म ने पहले दिन इतनी कमाई की है, जितनी आज तक किसी भी फिल्म ने नहीं की। लेकिन अंदरखाने ये भी चर्चा है कि फिल्म की कमाई की रफ्तार जल्द ही धीमी जो जाएगी।
सोशल मीडिया में फिल्म को लेकर लगातार नकारात्मक बातें हो रही हैं। इसे बेहद बोझिल और गैरमनोरंजक फिल्म बताया जा रहा है। कइयों ने तो यहां तक कहा कि लोग इंटरवल में ही छोड़कर वापस लौट रहे हैं।
हालांकि सलमान और सूरज ने मैंने प्यार किया और हम आपके हैं कौन जैसी बेहतरीन तथा कामयाब फिल्में दी हैं। उधर, सलमान पांच साल से सफलता के घोड़े पर सवार हैं और लंदन ड्रीम्स (2009) के बाद उनकी कोई फिल्म फ्लॉप नहीं रही। उनकी औसत साबित हुई जय हो (2014) ने भी सौ करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था।
जबकि इस साल तो ईद पर सलमान बजरंगी भाईजान के साथ पहले ही कमाल कर चुके हैं। यह हिंदी बॉक्स ऑफिस की दूसरी सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। अतः दीवाली पर उनसे उम्मीदें बहुत स्वाभाविक है।
दिवाली से ज्यादा अब इन त्योहारों पर होती है फिल्मों की कमाई
बजरंगी भाईजान की रिकॉर्डतोड़ सफलता यह तथ्य याद दिलाती है कि बॉक्स ऑफिस पर आज दीवाली से ज्यादा बड़े कमाई के मौके ईद और क्रिसमस बन चुके हैं। अतः दीवाली एक मौका होने के बावजूद साल की सबसे बड़ी हिट की गारंटी नहीं देता। बीते पांच साल के आंकड़े देखें तो इस दौर में केवल चार ही फिल्में ऐसी हैं जो दीवाली पर रिलीज होकर साल की टॉप तीन कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई।
2010 में दीवाली पर आई गोलमाल-3 उस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। जबकि 2011 में शाहरुख की राव.वन के बाद 2013 और 2014 की रिलीज कृष-3 और हैप्पी न्यू ईयर भी अपने समय में कमाई के मामले में तीसरे नंबर पर थीं। 2009 से 2015 में अभी तक साल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली थ्री इडीयट्स, दबंग, बॉडीगार्ड, एक था टाइगर, धूम-3, पीके और बजरंगी भाईजान फिल्में या तो ईद पर रिलीज हुई हैं या क्रिसमस पर।
ऐसे में साफ है कि दीवाली रिलीज के बारे में यह गारंटी नहीं है कि वह साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनेगी। ईद पर बजरंगी भाईजान धमाका कर चुकी है और क्रिसमस पर शाहरुख-काजोल तथा रणवीर-दीपिका स्टारर फिल्में रिलीज होने को तैयार हैं। इसके बावजूद यह देखना रोचक होगा कि सलमान-सोनम स्टारर फिल्म पर दर्शक क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
सलमान की परीक्षा है कि नहीं
सलमान खान स्टारडम की परीक्षा से तो ऊपर उठ ही चुके हैं, गुरुवार को रिलीज हो रही उनकी फिल्म के सामने भी बॉक्स ऑफिस की कोई खास परीक्षा नहीं है। निर्देशक सूरज बड़जात्या की इस फिल्म की 70 फीसदी से ज्यादा लागत रिलीज से पहले ही वसूल हो चुकी है।
सलमान ने सूरज से कोई फीस नहीं ली है। जबकि 60 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म पर सूरज ने 20 करोड़ रुपये प्रचार के लिए खर्च किए। खबर है कि सैटेलाइट और संगीत के अधिकार बेचकर सूरज 57 करोड़ रुपये अपनी जेब में वापस डाल चुके हैं।
ऐसे में तय है कि फिल्म कैसी है, यह फैसला होते-होते ही उनके पास मुनाफा पहुंचना शुरू हो जाएगा तथा सलमान के हिस्से में एक और सफल फिल्म दर्ज हो जाएगी। ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म पहले सप्ताहांत में ही सौ करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी, जबकि पहले सप्ताह का कलेक्शन 175 से 200 करोड़ के बीच कुछ भी हो सकता है।