वजीर ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन कमाया कितना
18 दिसंबर को दो बड़ी फिल्में रिलीज हुईं। संजय लीला भंसाली की पीरियड फिल्म बाजीराव मस्तानी और शाहरुख खान और काजोल की दिलवाले। माना जा रहा था कि इस भिड़ंत में दोनों फिल्मों को कमाई के मामले में बारी नुकसान होगा। लेकिन दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली।
शुरू में शाहरुख खान की दिलवाले ने कमाई के मामले में बाजी मारी तो बाद में धीरे-धीरे बाजीराव मस्तानी ने रफ्तार पकड़ ली। दोनों ही फिल्में वर्ल्डवाइड 300 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है। 18 दिसंबर के बाद अगले हफ्तों में कोई फिल्म ना होने का फायदा भी दोनों फिल्मों को मिला।
18 दिसंबर के बाद 8 जनवरी को वजीर रिलीज हुई। सिनेप्रेमी भी नई फिल्म की तलाश में थे। वजीर के ट्रेलर ने भी फिल्म के प्रति उत्सुकता जगाई। ऐसे में अमिताभ और फरहान अख्तर की फिल्म की कमाई को लेकर सबकी नजरें लगी हैं।
उम्मीदों के मुताबिक नहीं पहले दिन की कमाई
वेबसाइट बॉलीमूवीरिव्यूज के अनुसार फरहान अख्तर और अमिताभ बच्चन की मुख्य भूमिकाओं वाली वजीर ने पहले दिन 5.22 करोड़ कमाए हैं। फिल्म की पहले दिन की कमाई अमिताभ की पीकू के लगभग बराबर है।
कमाई के साथ-साथ फिल्म से समीक्षकों को भी बहुत उम्मीदें नहीं बंधी हैं। समीक्षकों ने फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। साल की पहली रिलीज वजीर से फिल्मी पंडित वीकएंड पर अच्छे बिजनेस की उम्मीद कर रहे हैं। फिल्म छुट्टी के दिन कितना कमाती है। इसका पता भी कल चल जाएगा।
वजीर को बिजॉय नंबियर ने निर्देशित किया है। फिल्म में अदिति राव हैदरी ने फरहान अख्तर की पत्नी की भूमिका निभाई है।