चर्चा में: सलमान का हुआ स्वाइन फ्लू टेस्ट, कमल भी करेंगे वापसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजकोट में सोनम कपूर के स्वाइन फ्लू का शिकार होने के बाद फिल्म प्रेम रतन धन पायो की यूनिट डरी हुई है। नतीजा यह कि पूरी यूनिट का स्वाइन फ्लू टेस्ट कराया गया है और बाहर के लोगों का सेट पर आना पूरी तरह से रोक दिया गया है।
शनिवार को सोनम को स्वाइन फ्लू टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था और उसके बाद उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह रविवार को मुंबई लाई गईं और अब कोकिला बेन अंबानी अस्पताल में हैं।
फिल्म के सेट से आ रही खबरों के मुताबिक निर्माता-निर्देशक सूरज बड़जात्या समेत हीरो सलमान खान का भी स्वाइन फ्लू टेस्ट कराया गया है।
फिल्म में काम कर रहीं स्वरा भास्कर का भी यह टेस्ट हुआ। नतीजों का इंतजार है। सभी से कहा गया है कि खुद को इस बीमारी से बचाने के लिए सुरक्षित ढंग से रहें।
फिल्म की शूटिंग राजकोट से 40 किलोमीटर दक्षिण में स्थित गोंडल पैलेस के बगीचों में चल रही है। महल की महारानी कुमुद कुमारी ने सभी को निर्देश दिया है कि राजमहल में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जो प्राकृतिक उपचार किए जा रहे हैं, उनका इस्तेमाल करें।
सुरक्षा के लिहाज से हर किसी को सेट पर आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवाएं बांट दी गई हैं। सेट पर मौजूद सूत्रों के अनुसार शूटिंग का काम पूरी गति से चल रहा है, मगर हर कोई मास्क लगाए है। ऐक्टर भी तभी चेहरे से मास्क हटाते हैं, जब कैमरे का सामना करते हैं। मार्च के पहले सप्ताह में यहां से शूटिंग का काम पूरा हो जाएगा।
बॉलीवुड में कमबैक के लिए तैयार कमल
हिंदी के दर्शकों ने कमल हासन को आखिरी बार विश्वरूपम में देखा था। परंतु साउथ में बनी यह फिल्म हिंदी में डब की गई थी। अब खबर है कि यह सितारा एक बार फिर से बॉलीवुड में वापसी को तैयार है और पूरी तरह से हिंदी फिल्म बनाने की योजना में जुटा है।
हालांकि इससे पहले कमल को अपनी तमिल फिल्म उत्तम विलेन की शूटिंग पूरी करनी है। जो एक सुपरसितारे और उसके गॉडफादर की कहानी है। सूत्रों के मुताबिक कमल की अगली बॉलीवुड फिल्म राजनेताओं और धनकुबेरों के गंदे गठजोड़ की कहानी है।
बताया जा रहा है कि कमल खुद इस फिल्म को डायरेक्ट करेंगे और वही हीरो भी होंगे। जानकारों का कहना है कि असल में 2012 में कमल इस फिल्म को बनाना चाहते थे, मगर विश्वरूपम में व्यस्त होने के कारण उन्हें योजना आगे बढ़ानी पड़ी।
सूत्रों की मानें तो हाल में कमल हासन ने पंकज कपूर-लारा दत्ता स्टारर अभी नहीं तो कभी नहीं के निर्माताओं वीरेंद्र अरोड़ा और अर्जुन के.कपूर से मुलाकात करके अपने इस प्रोजेक्ट के बारे में बातचीत की। फिल्म में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तकनीशियन होंगे और इसकी शूटिंग नवंबर में शुरू होगी।
अब अर्जुन को सीख देने लगे अली फजल
अर्जुन रामपाल का फीस के मुद्दे पर फिल्म लव अफेयर से हटाया जाना बड़ी चर्चा का मुद्दा बन गया है। निर्देशक सोनी राजदान की इस फिल्म में अर्जुन को आखिरी मौके पर हटा कर अली फजल को लिया गया है।
लेकिन मजेदार बात यह है कि अर्जुन के मुकाबले फिल्म इंडस्ट्री में कहीं जूनियर 28 साल के अली फजल ऐसी बातें बोल रहे हैं, जिन्हें सुन कर लोग चौंक रहे हैं। मीडिया में अली ने कहा है कि वैसे मैं इस फिल्म के लिए कोई बहुत कम फीस नहीं ले रहा हूं।
उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से अर्जुन रामपाल ने निर्माताओं से इतनी मोटी रकम मांगी होगी जो उनकी क्षमता से बाहर है। वह एक शानदार ऐक्टर हैं और उन्होंने फिल्म इसलिए स्वीकार की होगी कि यह एक बेहतरीन प्रोजेक्ट है मगर उन्हें कुछ उदार होना चाहिए।
अली फजल यहीं नहीं रुके और कहा कि ऐक्टरों को अपनी फीस को लेकर अहंकारी नहीं होना चाहिए। इस बीच निर्माता पूजा भट्ट ने भी इस मामले को यह कहते हुए हवा दे दी है कि हां, अर्जुन को धन के मुद्दे पर फिल्म से अलग किया गया है।
उन्होंने कहा कि फीस को लेकर अर्जुन की उम्मीदें मेरी क्षमता से कहीं अधिक थी। पूजा ने कहा कि वह नहीं मानतीं कि अली फजल अर्जुन के मुकाबले कहीं छोटे स्टार हैं और अर्जुन के हटने से फिल्म की सफलता की संभावनाओं पर कोई असर पड़ेगा।
उन्होंने अर्जुन का नाम लिए बगैर कहा कि आज की तारीख में फिल्में सितारों के कारण नहीं बिकती और समय आ गया है कि ऐक्टर अपनी फीस के बारे में ईमानदारी से विचार करें।