जिया खान की मौत पर सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी, बताई दिल की बात
अपनी प्रेमिका और अभिनेत्री जिया खान की मौत पर पहली बार आरोपी सूरज पंचोली ने खुलकर बात की है। सूरज इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म हीरो को लेकर सुर्खियों में हैं। लेकिन वो पहली बार आज से दो साल बाद चर्चा में आए थे, जब उन्हें अपनी गर्लफ्रेंड जिया खान के सुसाइड मामले में गिरफ्तार किया गया था। जिया खान की मां ने उन पर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
इसके बाद सूरज पंचोली की जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए। अब जब एक बार फिर से वो चर्चा में हैं तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से जिया खान के बारे में बात की है। सूरज कहना है कि उनका नाम हमेशा जिया के साथ जोड़ा जाएगा। लेकिन इसके लिए उन्हें कोई पछतावा नहीं है।
अंग्रेजी पोर्टल दि इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए एक साक्षात्कार में सूरज ने कहा कि मुझे खुशी है कि कुछ तो है जो मेरे साथ है। मुझे दुख है उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म कर ली, मगर कम से कम उनका नाम मेरे साथ है और मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है।
'वो मुझसे ज्यादा इंडस्ट्री को जानती थीं'
सूरज ने अब जिया को याद करते हुए कहा कि मैं उन्हें याद करता हूं, अपनी जिंदगी में हर दिन उन्हें याद करता हूं। मैं अब भी आपके साथ बैठे हुए उन्हें याद कर रहा हूं। वो मुझसे पांच साल बड़ी थीं। वो मुझसे ज्यादा मैच्योर थीं। मैं उस वक्त 21 साल का और वो 26 साल की थीं। वो मुझसे ज्यादा इंडस्ट्री को जानती थीं।
जबकि खुद के ऊपर लगने वालों को लेकर उनका कहना है कि 'अगर उन्हें (जिया खान की मां) लगता है कि इस मामले में कुछ गड़बड़ हुआ है तो उन्हें जांच कराने का पूरा अधिकार है, लेकिन अगर ये सब वो मुझे परेशान करने के लिए कर रही हैं तो मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना है। सच निश्चित तौर पर सामने आएगा।'
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इन आरोप-प्रत्यारोप के बीच वो एकदम अकेले हो गए थे। लेकिन सलमान खान ने उन्हें संभाला। सलमान से रिश्ते को लेकर वो कहते हैं कि सलमान उनके गुरू, भाई सबकुछ हैं। गौरतलब है कि जिया खान 2013 में अपने जुहू स्थित घर में पंखे से लटकी पाई गई थीं। सूरज और उनकी मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी और दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया था। जिया निशब्द, गजनी जैसी हिट फिल्मों में काम कर चुकी थीं।