दिलवाले 300 करोड़ पार, बाजीराव मस्तानी कहां पहुंची
पिछले साल 18 दिसंबर को रिलीज हुई 'बाजीराव मस्तानी' और 'दिलवाले' को लेकर रिलीज से पहले से ही कई तरह की बातें की जा रही थी। दो बड़ी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर जोरदार मुकाबला होने की सबको उम्मीद थी। ऐसा ही हुआ भी। दोनों फिल्म रिलीज हुई तो पहले बाजी मारी शाहरुख खान की फिल्म दिलवाले ने।
पहले कुछ दिनों तक दिलवाले ने ज्यादा कमाई की जबकि संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव मस्तानी पिछड़ती दिखी। लेकिन शुरुआती कारोबार के बाद मामला उलटने लगा और फिर दिलवाले पिछड़ने लगी।
दोनों फिल्मों को 18 दिसंबर के बाद अगले तीन हफ्ते तक कोई फिल्म रिलीज ना होने का फायदा भी लगातर मिला। दिलवाले की बात की जाए तो फिल्म ने भारत के साथ-साथ विदेशों में जबर्दस्त कमाई की है। फिल्म ने 149 करोड़ की कमाई विदेशों में की है। साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 141.58 करोड़ की कमाई की है। बॉलीमूवीरिव्यूज के अनुसार अन्य स्त्रोतों से भी हुई सारी कमाई मिलाकर फिल्म ने 320 करोड़ की कमाई कर ली है।
बाजीराव मस्तानी भी दिलवाले को दे रही कड़ी टक्कर
रिलीज के शुरुआती दिनों में दिलवाले से पिछड़ी बाजीराव मस्तानी भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दिलवाले पर भारी पड़ रही है। फिल्म ने दिलवाले की 141.58 करोड़ के मुकाबले 162.35 करोड़ की कमाई की है। वहीं फिल्म की विदेशों में कमाई 90 करोड़ है। इस तरह विदेश में कमाई के मामले में रणवीर सिंह और दीपिका की फिल्म शाहरुख और काजोल की फिल्म से पीछे है। बॉलीमूवीरिव्यूज के अनुसार फिल्म की अब तक की कुल कमाई (सभी स्त्रोत से) 298 करोड़ है।
दिलवाले के बाद बाजीराव मस्तानी भी 300 करोड़ के आंकड़े के मुहाने पर है। पूरी उम्मीद है कि और एक दिन की कमाई फिल्म को 300 करोड़ क्लब में पहुंचा देगी। इस गुरूवार तक ही फिल्मों से कमाई की उम्मीद ज्यादा है। क्योंकि इस शुक्रवार को अमिताभ बच्चन और फरहान अख्तर की 'वजीर' रिलीज हो रही है। फिल्म के ट्रेलर को काफी देखा गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि तीन हफ्ते से कोई विकल्प ना होने के कारण इन्हीं दो फिल्मों को चुन रहे लोग दर्शक नई रिलीज 'वजीर' की तरफ जाएंगे।