मौत से लड़ रहे ये संगीतकार, दवा के लिए नहीं हैं पैसे
बॉलीवुड के जाने-माने संगीतकार आदेश श्रीवास्तव इन दिनों मौत से लड़ रहे हैं। उनका कैंसर आखिरी स्टेज में पहुंच गया है। लेकिन खास बात ये कि ऐसी हालत में उन्हें आर्थिक तंगी का भी शिकार होना पड़ रहा है। हालत ये आ गई है कि उनके परिवार के पास दवाई के लिए पैसे जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ा रहा है।
दि टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक उनकी पत्नी विजयता पंडित ने कहा है कि 'मैं इस वक्त अपनी हालत बयां नहीं कर सकती! मैं बिल्कुल नहीं जानती कि इस दौर का कैसे सामना करूं? दोनों बेटों अनिवेश और अवितेश का ही सहारा है। मेरे भाई जतिन और ललित पंडित मददे कर रहे हैं, बावजूद इसके इलाज के पैसों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।'
जबकि डॉक्टरों का कहना है उनका कैंसर इस स्तर पर पहुंच गया इलाज का कोई असर नहीं हो रहा है। दि इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक परिवार अब आदेश को हिमाचल प्रदेश के उस खास डॉक्टर के पास ले जाने की सोच रहा है, जो तिब्बती विधि से कैंसर का इलाज करते हैं। उन्होंने दलाइ लामा का भी इलाज किया है।
मोरा पिया मोसे बोलत नाही...
मोरा पिया मोसे बोलत नाही, चली चली फिर चली चली, सोना सोना दिल मेरा सोना, बहुत खूबसूरत गजल लिख रहा हूं जैसे सुपरहिट गाने देने वाले आदेश श्रीवास्तव को 2010 में ही कैंसर हो गया था। तब कोकिलाबेन अस्पताल समेत भारत के अन्य अस्पतालों में इलाज के बाद वो बीते दिनों अमेरिका में भी इलाज के लिए गए थे।
लेकिन कोई असर नहीं हुआ। फिलहाल वह फिर से कोकिलाबेन अस्पताल में हैं। हाल ही में उनके लिए अमेरिका से 12 लाख रुपये तक के इंजेक्शन मंगाया गया लेकिन उसका भी कोई असर नहीं पड़ा। अब उनके परिवार को पैसों के लिए बेहद परेशान होना पड़ रहा है। उनके साले ने बताया कि 2011 में आदेश को कैंसर हुआ था तब इंडस्ट्री से कोई उनका हाल-चाल भी पूछने नहीं गया था जिससे वो काफी निराश हुए थे।
हालांकि लता मंगेशकर ने ट्वीट करके आदेश की खराब सेहत की जानकारी दी थी और उनके जल्द ठीक होने की कामना की थी। लेकिन आर्थिक मदद को लेकर अभी कोई सामने नहीं आया है।